कार्रवाई न होने से नाराज युवती का कोतवाली में हंगामा, धरने पर बैठी

कार्रवाई न होने से नाराज युवती का कोतवाली में हंगामा, धरने पर बैठी

संक्षेप:

Amroha News - भाई को धमकी देने के आरोपी पर कार्रवाई न होने से नाराज ममता राणा ने कोतवाली में हंगामा किया। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक पर अभद्रता का आरोप लगाया और धरना दिया। ममता ने बताया कि आरोपी युवक उनके भाई को जान...

Aug 24, 2025 10:44 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share

भाई को धमकी देने के आरोपी पर कार्रवाई न होने से नाराज युवती ने रविवार को कोतवाली में हंगामा किया। बाद में वह कोतवाली में धरना देकर बैठ गई। प्रभारी निरीक्षक पर अपशब्द प्रयोग करने का आरोप लगाया। पुलिस में काफी देर तक हड़कंप मचा रहा। गजरौला थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सुल्तानठेर निवासी ममता राणा अपनी दो बड़ी बहनों के संग रविवार दोपहर कोतवाली पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल अपने कार्यालय में मौजूद थे। तीनों बहनों ने प्रभारी निरीक्षक के कार्यालय में प्रवेश किया। इसके कुछ देर बाद ममता शोर मचाती हुई बहनों के संग बाहर निकल गई। प्रभारी निरीक्षक पर अभद्रता करते हुए अपशब्द प्रयोग करने का आरोप लगाया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इसके बाद ममता कोतवाली परिसर में धरना देकर बैठ गई। वह जोर-जोर से चिल्लाने लगी। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। ममता ने बताया कि संभल जनपद के गांव निवासी युवक उन्हें व उनके भाई को परेशान कर रहा है। युवक ने उसके 19 वर्षीय भाई को जान से मारने की धमकी भी दी है। शनिवार को आरोपी रहरा अड्डे के नजदीक स्थित एक पैथालॉजी लैब पर अपने दोस्त के पास आया हुआ था। बहनों के संग यहां पहुंची ममता ने पुलिस बुला ली। हल्का दारोगा को तहरीर दी गई थी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया था। ममता ने आरोप लगाया कि 24 घंटे बीतने के बाद भी आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। अब प्रभारी निरीक्षक उल्टे उन्हें ही अपशब्द बोले रहे हैं। करीब दो घंटे तक युवती धरना देकर बैठी रही। महिला पुलिसकर्मियों ने उसे काफी समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं मानी। आरोप लगाया कि पुलिस आरोपी पक्ष से मिलीभगत की वजह से कार्रवाई नहीं कर रही है। पूरे मामले की शिकायत आला अफसरों से करने की बात कहते हुए बाद में युवती बहनों के संग अपने घर चली गई। मेरे द्वारा अभद्रता करने का आरोप निराधार है। आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। युवती हंगामा कर अनावश्यक दबाव बना रही है। प्रेमपाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक मामला मेरी जानकारी में है। प्रभारी निरीक्षक को मामले की जांच के बाद कार्रवाई के लिए कहा गया है। किसी भी आरोपी से पुलिस की मिलीभगत का सवाल नहीं है। दीप कुमार पंत, सीओ