बारात चढ़त देखकर लौटे युवक की गला दबाकर हत्या, चारपाई पर पड़ा मिला शव

हिन्दुस्तान, अमरोहा
Follow us on Google News
share

गांव में बारात देखने के बाद चक्की पर सो रहे युवक अवनेश की रात में गला दबाकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने गांव के एक परिवार पर रंजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है। चार दिन पहले परिवार ने जान से मारने की धमकी दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। मामला दर्ज करने के लिए तहरीर का इंतजार किया जा रहा है।

बारात चढ़त देखकर लौटे युवक की गला दबाकर हत्या, चारपाई पर पड़ा मिला शव

रहरा, संवाददाता। गांव में बारात चढ़त देखने के बाद घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे चक्की पर सो रहे युवक की गुरुवार रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह चारपाई पर शव पड़ा मिला। परिजनों ने गांव के एक परिवार पर रंजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि चार दिन पूर्व परिवार ने जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी तहरीर भी चौकी पर दी गई थी लेकिन, पुलिस ने सुनवाई नहीं की। जानकारी के मुताबिक थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव दढ़ियाल निवासी सियाराम जाटव की घर से करीब 150 मीटर की दूरी पर चक्की है।

यहां उसका 18 वर्षीय छोटा बेटा अवनेश बाइक मिस्त्री की दुकान भी चलाता था। सियाराम जाटव का कहना है कि अवनेश गुरुवार रात गांव में बारात चढ़त देखने गया था। इसके बाद वह आकर चक्की पर सो गया। रात में किसी वक्त अवनेश की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह करीब 5:00 बजे सियाराम चक्की पर पहुंचे तो यहां चारपाई पर अवनेश का शव पड़ा हुआ था। गले पर दबाने के निशान थे। खबर लगते ही गांव व परिवार के तमाम लोग मौके पर जुट गए। अवनीश के बड़े भाई दिनेश ने बताया कि चार दिन पूर्व गांव के परिवार से झगड़ा हुआ था। परिवार के लोगों ने मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी तहरीर चौकी पर दी गई थी। लेकिन, पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। थानाध्यक्ष कमल तोमर ने बताया कि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा गया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। उन्होंने चार दिन पूर्व मारपीट के मामले में कोई तहरीर नहीं मिलने की बात कही है। बताया कि गुरुवार रात की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है। उधर, बताया जा रहा है कि अवनेश सात भाई बहनों में चौथे नंबर का था। सातवीं तक पढ़ाई करने के बाद वह गांव में बाइक मिस्त्री का कार्य करने लगा था। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।