युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने हत्या का आरोप लगा किया हंगामा
Amroha News - एक युवक जो डीजे बजाने गया था, संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाया गया। दो युवकों ने उसका शव जिला अस्पताल पहुंचाया और भाग गए। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मामला शांत कराया और जांच शुरू की। युवक के शव पर गोली का गहरा घाव था।

डीजे बजाने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दो युवक उसका शव बाइक पर लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और वहां इमरजेंसी में छोड़ कर भाग गए। सूचना पर अस्पताल पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। एसपी, एएसपी के पहुंचने से पहले तीन थानों का फोर्स बुला लिया गया। बमुश्किल उन्हें समझा कर मामला शांत कराया गया। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मोहम्मदी सराय में मनोज कुमार का परिवार रहता है। उनके परिवार में पत्नी वीरवती के अलावा बेटा सुमित, परमीत, रोहित व मयंक तथा बेटी प्रीति व आयुषी हैं। चौथे नंबर का 23 वर्षीय बेटा रोहित डीजे बजाने का काम करता था।
वह जोया निवासी अर्जुन के डीजे पर काम करता था। रविवार दोपहर रोहित घर से निकला था। शाम को परिजनों को कॉल कर उसने बताया था कि वह काम पर जा रहा है। इसके बाद रोहित घर वापस नही लौटा। रात करीब नौ बजे परिजनों को सूचना मिली कि रोहित सड़क हादसे में घायल हो गया है, जिला अस्पताल में भर्ती है। परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां उन्हें रोहित का शव मिला। चिकित्सक ने बताया कि बाइक सवार पिंटू व उसका साथी उसे यहां भर्ती कर गए हैं। रोहित के सीने में गोलीनुमा गहरा घाव था, उसकी पैर की खाल भी उधड़ी हुई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मौके पर एसपी अमित कुमार आनंद, एएसपी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिटी अभिषेक यादव व अवधभान भदौरिया के साथ ही शहर कोतवाली, देहात व नौगावां सादात थाना पुलिस भी आ गई। परिजनों को समझा बुझाकर गुस्सा शांत कराया। मौके से ही एसपी ने तीन टीम गठित कर संदिग्ध लोगों की गिरफ्तारी के लिए रवाना किया। एसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



