अमरोहा में सिलेंडर के लिए कतार में लगे लोग, जोया में आठवें दिन भी गैस नहीं
शहर में लोग एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी कतार में लगे। उधर, जोया कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी को आठवें दिन भी आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ता बेहाल रहे। न

शहर में लोग एजेंसी के बाहर सुबह से ही लंबी कतार में लगे। उधर, जोया कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी को आठवें दिन भी आपूर्ति न मिलने से उपभोक्ता बेहाल रहे। नौगावां सादात कस्बे में पांचवे दिन सिलेंडर लदी गाड़ियां आने के बाद एजेंसी के बाहर लोगों की लंबी लाइन लगी। गैस की लगातार बनी किल्लत के बीच लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। एजेंसियों के बाहर घंटों लाइन में लगने के बाद भी खाली लौटने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। शहर के अतरासी रोड पर रेलवे ओवरब्रिज के नीचे इंडेन गैस एजेंसी के बाहर सुबह पांच बजे से ही लोगों की लंबी कतार लगी।
एजेंसी के कर्मचारियों से कहासुनी और नोकझोंक के बीच हंगामे के हालात बने। दोपहर बाद तक सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ता खाली हाथ घर लौटने को मजबूर हुए। शहर की तीनों गैस एजेंसियों पर ई-केवाईसी कराने के लिए भी लोग लाइन में लगे। उधर, जोया कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी को आठवें दिन भी आपूर्ति नहीं मिली। सिलेंडर न मिलने से क्षेत्र के ग्रामीणों एजेंसी संचालकों पर गंभीर आरोप लगाए। उपभोक्ता नेमपाल सिंह ने बताया कि रात के अंधेरे में सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। इससे आम उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ऐसे लोगों पर कार्रवाई करे। वहीं नौगावां सादात कस्बे की इंडेन गैस एजेंसी को गुरुवार को पांचवे दिन करीब 700 सिलेंडर लदी दो गाड़ियों की आपूर्ति मिली। गैस की किल्लत के बीच अपना सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हुई। एजेंसी पर हावी अव्यवस्था के बीच दोपहर बाद तक भी ज्यादातर उपभोक्ता बिना सिलेंडर लिए ही लौटने को मजबूर हुए। डीएसओ रीना कुमारी ने बताया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उपभोक्ताओं को नियमानुसर गैस वितरण किया जा रहा है। गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


