क्षेत्र के गांव फैयाजनगर में बंदरों की घुड़की से महिला छत से गिरकर घायल हो गई। निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गांव निवासी सागर सिंह की पत्नी शांति देवी शनिवार सुबह घर की छत पर गई थी। अचानक बंदर आ गए।
बंदरों की घुड़की से शांति देवी डर गई। जीने से नीचे की ओर भागने का प्रयास करते हुए वह छत से नीचे गिरकर घायल हो गईं। आनन-फानन परिजन निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, उपचार जारी है। हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी बंदरों के हमले में क्षेत्र के कईं लोग छतों से गिरकर घायल हो चुके हैं। एक मंदिर के महात्मा की छत से गिरकर मौत भी हो गई थी। शहर से लेकर गांव तक बंदरों का आतंक है। लोग बंदर पकड़वाने की मांग कर रहे हैं।