हत्यारोपी प्रेमी की तलाश में पुलिस ने कई स्थानों पर दी दबिश
Amroha News - गजरौला। पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार महिला को जेल भेजने के बाद पुलिस

पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार महिला को जेल भेजने के बाद पुलिस ने उसके प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है। शुक्रवार रात हत्यारोपी प्रेमी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया था। क्षेत्र के दारानगर गांव निवासी ओमपाल (35) पुत्र महावीर का शव गुरुवार की सुबह उसके कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। मृतक की पत्नी कल्लो के शोर मचाने पर परिवार के अन्य लोग पहुंचे थे तथा फांसी के फंदे से शव उतार लिया था।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ओमपाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। ओमपाल के भाई ने ओमपाल की पत्नी कल्लो व उसके प्रेमी पर ओमपाल की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। बताया जा रहा है कि होली वाले दिन ओमपाल व उसकी पत्नी के प्रेमी के बीच कहासुनी हो गई थी। गांव वालों ने किसी तरह विवाद शांत कराया था। आरोप है कि प्रेमी ओमपाल को गांव वालों के सामने जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया था। बुधवार की रात किसी समय कल्लो ने प्रेमी के साथ मिलकर ओमपाल की हत्या कर शव फांसी के फंदे पर लटका दिया था। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक ओमपाल की पत्नी कल्लो व उसके प्रेमी आदमपुर थाना क्षेत्र के सिकंदराबाद गांव निवासी बब्लू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। कल्लो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बब्लू की तलाश में पुलिस टीमें लगी हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


