जंगली कुत्तों के हमले में दो नीलगाय की मौत, ग्रामीणों में दहशत
Amroha News - हसनपुर के झुंडी माफी गांव के जंगल में गुरुवार सुबह नीलगाय के अवशेष मिले हैं। जंगली कुत्तों के झुंड द्वारा नीलगाय का शिकार किए जाने की आशंका है। बेगपुरा मुंडा गांव में भी एक गंभीर रूप से घायल नीलगाय की मौत हो गई। ग्रामीणों में जंगली और आवारा कुत्तों के आतंक से दहशत फैली हुई है।

हसनपुर, संवाददाता। सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव झुंडी माफी के जंगल में गुरुवार सुबह नीलगाय के अवशेष पड़े मिले। माना जा रहा है कि जंगली कुत्तों के झुंड ने नीलगाय को शिकार बनाया है। उधर, बेगपुरा मुंडा गांव के जंगल में भी कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल नीलगाय की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक झुंडी माफी निवासी रमेश सिंह गुरुवार सुबह अपने गन्ने के खेत पर पहुंचे तो देखा कि यहां नीलगाय के अवशेष पड़े हुए हैं। उन्होंने गांव में सूचना दी। तमाम ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण नंदराम सिंह ने बताया कि क्षेत्र में जंगली व आवारा कुत्तों का आतंक है।
माना जा रहा है कि जंगली कुत्तों ने नीलगाय को शिकार बनाया है। उधर, क्षेत्र के गांव बेगपुर मुंडा के जंगल में नीलगाय गंभीर हालत में पड़ी मिली। मौके पर पहुंचे गांव निवासी रुमाल सिंह सैनी आदि ने वन विभाग व पशुपालन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। पशुपालन विभाग के अधिकारी जब तक मौके पर पहुंचे नीलगाय की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया कि कई जंगली कुत्ते नीलगाय को दौड़ा रहे थे। पशु चिकित्साधिकारी डॉ.चरनजीत सिंह ने बताया कि कुत्तों के हमले में घायल नीलगाय की मौत हो गई है। शव को मिट्टी में दबा दिया गया है। उधर, जंगली व आवारा कुत्तों से क्षेत्र के लोगों में दहशत फैली हुई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




