उमस भरी गर्मी के बाद सोमवार सुबह हुई बारिश से मौसम सुहावना बन गया। तापमान में गिरावट आने पर गर्मी से राहत मिली।
मौसम का मिजाज सोमवार को तड़के एकाएक बदल गया। आसमान में बादल घिर आए। सुबह करीब साढ़े चार बजे हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बाद करीब आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। मौसम खुशगवार हो गया। लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली। इसके बाद रुक-रुक कर बारिश होती रही। आसमान में बादल छाए रहे। किसानों के चेहरे भी खिल गए। धान व गन्ने की फसल के लिए बारिश को फायदेमंद बताया जा रहा है।
जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सिंह ने जिले में मानसून के सक्रिय होने व अच्छी बारिश की उम्मीद जताई। उधर, बारिश के बाद सड़कों पर बनी जलभराव और कीचड़ पसरने की समस्या के चलते जरूर वाहन चालक और राहगीरों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा।