
दूध फैक्ट्री में दो वाहन स्वामियों के बीच मारपीट, युवक ने तमंचा लहराया
Amroha News - गजरौला में एक दूध फैक्ट्री के बाहर दो वाहन स्वामियों के बीच विवाद के चलते मारपीट हुई। एक वाहन स्वामी ने समर्थकों को बुलाया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। एक युवक ने तमंचा लहराया, जिससे भगदड़ मच गई। पुलिस...
गजरौला, संवाददाता। दूध फैक्ट्री में गुरुवार देर शाम दो वाहन स्वामियों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक वाहन स्वामी ने अपने समर्थकों को बुला लिया। जिसके बाद वहां हंगामा खड़ा हो गया। एक युवक ने तमंचा लहराया तो भगदड़ तक मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि वहीं खड़ी एक कार से पुलिस ने तमंचा भी बरामद किया है। शहर में हाईवे के किनारे स्थित एक दूध फैक्ट्री के दो वाहनों के मालिकों के बीच गुरुवार की देर शाम फैक्ट्री के बाहर किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।
विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट होने लगी। जिसके चलते विवाद बढ़ गया। शोर शराबा होने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने किसी तरह दोनों को समझाकर शांत कराया। बताते हैं कि एक वाहन स्वामी ने अपने समर्थकों को फोन करके बुला लिया। जिसके बाद फैक्ट्री के अंदर फिर से विवाद हो गया। समर्थकों में शामिल एक युवक ने तमंचा लहराया तो भगदड़ मच गई। सिक्योरिटी गार्डों ने बमुश्किल अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने वहीं खड़े एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया तथा थाने ले गई। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि क्षेत्र से दूध फैक्ट्री पहुंचाने को लेकर दो वाहन स्वामियों के बीच विवाद हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




