
देश विदेश में जॉब दिलाएगा रोजगार मिशन
Amroha News - उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन का गठन तकनीकी और अकुशल बेरोजगारों के लिए रोजगार के अवसर मुहैया कराने के लिए किया गया है। सेवायोजन विभाग द्वारा कैंपस प्लेसमेंट, रोजगार मेले, और कौशल विकास कार्यक्रमों के...
जिले के तकनीकी तौर पर कुशल व अकुशल बेरोजगारों और श्रमिकों को देश, विदेश में रोजगार के अवसर मुहैया कराने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के गठन को प्रशासन स्तर पर अनुमति मिल गई है। सेवायोजन विभाग बेरोजगारों को कैंपस प्लेसमेंट, रोजगार मेले, विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण, कौशल विकास आदि के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करेगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार से जोड़ा जा सके। जिले के तकनीकी तौर पर कुशल व अकुशल बेरोजगारों और श्रमिकों को देश, विदेश में रोजगार के अवसर मुहैया कराने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के गठन को लेकर सेवायोजन विभाग के निदेशक ने बीते जुलाई माह में जिलाधिकारी को पत्र भेजा था।
अब जिला प्रशासन स्तर पर मिशन के गठन को अनुमति मिलने के साथ ही रोजगार की तलाश में जुटे तकनीकी तौर पर प्रशिक्षित व गैर प्रशिक्षित बेरोजगारों और श्रमिकों के लिए रोजगार के रास्ते खुलने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन सोसाइटी मोड में पंजीकृत संस्था होगी। मिशन के अधीन एक शासी परिषद के अलावा राज्य संचालन समिति, राज्य कार्यकारी समिति, राज्य कार्यक्रम प्रबंधन इकाई और जिला कार्यकारी समिति मिशन के उद्देश्यों की पूर्ति करेंगी। जिलाधिकारी खुद जिला कार्यकारी समिति की अध्यक्ष होंगी। वहीं शासी परिषद के अध्यक्ष मुख्यमंत्री, राज्य संचालन समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव, राज्य कार्यकारी समिति के अध्यक्ष अपर मुख्य सचिव श्रम एवं सेवायोजन व राज्य कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सेवायोजन विभाग के निदेशक पर है। मिशन का उद्देश्य जिले के बेरोजगार लोगों और श्रमिकों के लिए देश, विदेश में रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर प्रदान करना है। रोजगार मिशन के तहत सेवायोजन विभाग कैंपस प्लेसमेंट, रोजगार मेले, विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण, कौशल विकास आदि के माध्यम से रोजगार के अवसर पैदा करेगा। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन का गठन शासन की महत्वाकांक्षी योजना है। योजना का उद्देश्य देश-विदेश में ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार के अवसर मुहैया कराना है। इसके लिए शासन ने प्रदेश स्तर पर 200 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया है। - डा़ सुशील कुमार, सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




