Hindi NewsUttar-pradesh NewsAmroha NewsUttar Pradesh Chief Minister Increases Sugarcane Price by 30 Per Quintal Mixed Reactions from Farmers and BJP Leaders
 गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोत्तरी से किसानों को राहत

गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोत्तरी से किसानों को राहत

संक्षेप: Amroha News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की घोषणा की। किसान संगठनों ने इसे नाकाफी बताया और 450 रुपये प्रति कुंतल की मांग की। भाजपा नेताओं ने इसे किसानों के लिए लाभकारी बताया। किसानों के लिए यह मूल्य वृद्धि कम है, जबकि खेती की लागत बढ़ गई है।

Thu, 30 Oct 2025 01:07 AMNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share Share
Follow Us on

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गन्ने के समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल के ऐलान के बाद जिले में मिलेजुली प्रतिक्रिया सामने आई। किसान व किसान संगठनों ने जहां गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति कुंतल घोषित किए जाने की वकालत की तो वहीं भाजपा नेताओं ने इसे किसानों के लिए बड़ी सौगात बताया। गौरतलब है कि मूल्य वृद्धि के बाद अगेती प्रजाति के गन्ने का मूल्य 370 रुपये से बढ़कर 400 व सामान्य प्रजाति के गन्ने का मूल्य 360 रुपये से बढ़ाकर 390 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है। गौरतलब है कि पिछले काफी समय से किसान संगठन सरकार से 500 रुपये प्रति कुंतल गन्ना मूल्य घोषित करने की मांग कर रहे थे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

किसान संगठनों को चुनावी सीजन में इस बार 450 रुपये प्रति कुंतल से अधिक गन्ना मूल्य घोषित होने की उम्मीद भी थी। वहीं बुधवार को प्रदेश सरकार ने गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की घोषणा की है। - गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी किसानों के साथ मजाक है। खेती की लागत में भारी वृद्धि हुई है, जबकि गन्ना मूल्य में वृद्धि बहुत कम हुई है। पड़ोसी राज्यों हरियाणा और पंजाब में दिए जा रहे गन्ना मूल्य की तुलना में प्रदेश में गन्ना मूल्य कम है। मस्तराम सिंह यादव, जिलाध्यक्ष, सपा -कांग्रेस पार्टी गन्ना मूल्य में की गई इस वृद्धि को नाकाफी मानती है। बढ़ती महंगाई और खेती की लागत के अनुपात में यह वृद्धि बहुत कम है। ओमकार सिंह कटारिया, जिलाध्यक्ष कांग्रेस -गन्ना मूल्य में 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि गन्ना किसानों के साथ धोखा है। मंहगाई और लागत को देख दाम काफी कम है। जब तक किसान को उसकी लागत का लाभकारी मूल्य नहीं मिल जाता, संघर्ष जारी रहेगा। चौधरी दानवीर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष भाकियू टिकैत -प्रदेश सरकार ने गन्ना मूल्य में जो 30 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि की है, वह नाकाफी है। लागत को ध्यान में रख 450 रुपये प्रति कुंतल गन्ना मूल्य घोषित किया जाए। चौधरी महावीर सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष भाकियू करतार गुट -यह निर्णय सरकार की किसान हितैषी नीतियों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। किसानों की मेहनत को उचित सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उदय गिरी गोस्वामी, जिलाध्यक्ष, भाजपा -प्रदेश सरकार ने गन्ना मूल्य में 30 रुपये की वृद्धि की है, इससे किसानों को लाभ मिलेगा। आने वाले दिनों में गन्ना मूल्य में और वृद्धि की जाएगी। रामवीर सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष रालोद -गन्ना मूल्य 30 रुपये प्रति कुंतल बढाना मुख्यमंत्री का दूरदर्शी और किसान हितैषी निर्णय है। किसानों में इस घोषणा से प्रसन्नता है। इस निर्णय से गन्ना उत्पादन को नई दिशा मिलेगी, किसानों की आय में वृद्धि होगी। मनोज कुमार, डीसीओ