यूपी बोर्ड परीक्षा : चार जोन और 11 सेक्टर में बांटे जाएंगे केंद्र
Amroha News - यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक होगी। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिले को चार जोन में बांटा जाएगा। 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 136 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और लखनऊ से सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी।

अमरोहा, संवाददाता। यूपी बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन व शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। डीएम स्तर से जिले को चार जोन में बांटा जाएगा। संबंधित एसडीएम को जोनल मजिस्ट्रेट बनाते हुए 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट नामित किए जाएंगे। सभी केंद्रों पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की जाएगी। यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से 12 मार्च तक चलेंगी। इस बार नकल करते हुए पकड़े जाने पर एनएसए तक लगाने का फरमान जारी किया गया है। जिले में परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढ़ंग से संपन्न कराने के लिए बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाएगी।
जिले में बनाए गए 68 परीक्षा केंद्रों को चार जोन में बांटा जाएगा जबकि 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा 136 स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त किए जा रहे हैं। जिला स्तरीय अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट व स्टेटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम रहेंगे। सभी केंद्रों पर पुलिस बल की ड्यूटी लगाई जा रही है। लखनऊ स्तर से भी सीसीटीवी कैमरों के जरिए बोर्ड परीक्षा पर नजर रखी जाएगी। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों के कैमरे कंट्रोल रूम के जरिए लखनऊ में बनाए गए मुख्य परीक्षा कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे। गड़बड़ी पर तत्काल एक्शन लिया जाएगा। डीआईओएस डॉ.प्रवेश कुमार ने बताया कि बोर्ड की गाइडलाइन के अनुसार परीक्षा की तैयारियों को संपन्न कराया जा रहा है। जिलाधिकारी स्तर से जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


