ट्रक चालकों में खूनी संघर्ष, दो छात्रों समेत 11 लोग घायल

Amroha News - गजरौला, संवाददाता। गुरुवार को ट्रक चालकों के बीच हुई कहासुनी के बाद शुक्रवार को गांव में खूनी संघर्ष के हालात बन गए। जमकर लाठी डंडे चले। धारदार हथि

Newswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
Fri, 29 Mar 2025, 04:19:AM
Follow Us on

गुरुवार को ट्रक चालकों के बीच हुई कहासुनी के बाद शुक्रवार को गांव में खूनी संघर्ष के हालात बन गए। जमकर लाठी डंडे चले। धारदार हथियारों से भी वार किए गए। हवा में तमंचे लहराए गए। दो छात्रों समेत 11 लोग घायल हो गए। पुलिस ने लाठी फटकार कर लोगों को खदेड़ा। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। घटना की तहरीर दोनों पक्षों ने पुलिस को दी है। उधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव शहवाजपुर डोर निवासी ट्रक चालक मुकर्रम व तालिब के बीच गुरुवार को गढ़मुक्तेश्वर में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच ट्रक आगे निकालने को लेकर विवाद हुआ था। तब वहां मौजूद लोगों ने दोनों को समझा बुझाकर शांत कराते हुए विवाद निपटा दिया था। शुक्रवार सुबह तालिब, मोहम्मद फजर व जानी ट्रक लेकर गढ़मुक्तेश्वर जा रहे थे। आरोप है कि दूसरे पक्ष के मुकर्रम ने उन पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। उसके साथी ने शानु पर रॉड से हमला कर दिया। वह गंभीर घायल हो गए। उधर, मुकर्रम के भाई महराज का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उनपर पथराव कर दिया। जिसके बाद विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते लाठी-डंडे चल पड़े। धारदार हथियार से भी हमला किया गया। घटना से भगदड़ मच गई। भीड़ में शामिल किसी शख्स ने पूरी घटना का वीडियो बनाते हुए सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना में एक पक्ष से अफलातून, उनका बेटा आजम, उनके दो भाई कादिर अली, आरिफ, चचेरे भाई शानु व जानी घायल हो गए जबकि दूसरे पक्ष से महराज उनके भाई मुकर्रम व महताब, भतीजा शाहवेज एवं जावेद घायल हो गए। आजम व जावेद छात्र हैं। सीओ श्वेताभ भास्कर ने दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिलने पर जांच व कार्रवाई करने की बात कही।

नेशनल हाईवे किनारे घटना होने से सहमे वाहन सवार

गजरौला। शहवाजपुर डोर गांव नेशनल हाईवे किनारे बसा है। यहां ट्रक भी खड़े होते हैं। शुक्रवार को ट्रक चालकों के बीच वहीं पर विवाद हो गया। मारपीट व लोगों की भीड़ को देख हाईवे से गुजरने वाले वाहन सवार बुरी तरह सहम गए। कुछ देर के लिए यातायात भी थम गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठी फटकारते हुए जमा लोगों को दौड़ाया तब कहीं जाकर विवाद शांत हो सका।

Amroha Latest NewsSocial MediaAmroha News

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेख
होमफोटोशॉर्ट वीडियोस्टॉक मार्केटलॉगिनमेरे रिवॉर्ड