एआरटीओ ने गोद में उठाया दिव्यांग यात्री, डग्गामारी में 52 चालान

Mar 03, 2026 12:55 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share Share
Follow Us on

Amroha News - त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए परिवहन विभाग ने 52 वाहनों के चालान काटे, जिनमें 12 माल ढोने वाले वाहन शामिल हैं। एआरटीओ महेश शर्मा ने एक दिव्यांग यात्री को गोद में उठाकर रोडवेज बस में बैठाया। इस कार्रवाई से यात्रियों को राहत मिली और डग्गामार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की गई।

एआरटीओ ने गोद में उठाया दिव्यांग यात्री, डग्गामारी में 52 चालान

त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ के चलते लगातार बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने को लेकर परिवहन विभाग ने अभियान चलाकर माल ढोने वाले वाहनों में सवारियां ढो रहे 12 समेत कुल 52 वाहनों के चालान काटे। इस दौरान परिवहन विभाग का मानवीय चेहरा भी सामने आया, जबकि विभागीय कार्रवाई में डग्गामार वाहन से सवारियां उतारे जाने के बाद सवारी का इंतजार कर रहे दिव्यांग यात्री को एआरटीओ प्रवर्तन महेश शर्मा ने गोद में उठाकर रोडवेज बस में बैठाकर रवाना किया। होली समेत आगामी त्योहारों पर यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए परिवहन विभाग की टीम ने एआरटीओ प्रवर्तन महेश शर्मा के नेतृत्व में ओवरलोड, यात्री और माल ढोने वाले वाहनों के खिलाफ नेशनल हाईवे पर अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक यात्रियों को ढोया जा रहा था। इस पर एआरटीओ ने कार्रवाई करते हुए छह बसों सहित 16 यात्री वाहनों को सीज कर दिया। वहीं, माल ढोने वाले वाहनों में सवारी बैठाने के मामले में भी 12 वाहनों के चालान किए गए। इसके अलावा बिना हेलमेट व सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करने, रॉन्ग साइड में वाहन चलाने और नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने में भी 24 वाहनों के चालान काटे गए। डग्गामार वाहनों को सीज कर यात्रियों को रोडवेज बसों से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। साथ ही यात्रियों के रुपये भी एआरटीओ ने वापिस दिलाए। इस दौरान नेशनल हाईवे पर डग्गामार वाहन से सवारियां उतारे जाने के बाद सड़क किनारे सवारी का इंतजार कर रहे दिव्यांग यात्री को देखकर एआरटीओ का दिल पसीज गया। उन्होंने दिव्यांग युवक को गोद में उठाकर रोडवेज बस में बैठाकर रवाना किया। इसकी मौजूद लोगों ने प्रशंसा की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।