हसनपुर में पुताई कारीगर ने फांसी लगाकर जान दी
Amroha News - पत्नी के मायके नहीं लौटने से आहत 27 वर्षीय गुड्डू सैफी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी पत्नी ने दहेज एक्ट का मामला दर्ज कराया था। गुड्डू का शव उसके घर में पाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिवार में शोक का माहौल है।

पत्नी के मायका से नहीं आने से आहत पुताई कारीगर ने फांसी लगाकर जान दे दी। शव सोमवार दोपहर घर में ही टीन शेड में लगे लोहे के पाइप से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के मुताबिक नगर के मोहल्ला खेवान पूठ अड्डा निवासी 27 वर्षीय गुड्डू सैफी पुत्र अशरफ अली की शादी तीन वर्ष पूर्व रहरा थाना क्षेत्र के गांव चचौरा निवासी शबनम के साथ हुई थी। शबनम के एक बेटा भी है। परिजनों के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। बीती 24 फरवरी को शबनम नाराज होकर अपने मायके चली गई थी।
उसने अमरोहा के महिला थाने में गुड्डू के खिलाफ दहेज एक्ट का मुकदमा भी दर्ज कराया था। इसकी खबर लगते ही गुड्डू परेशान हो गया। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे तक भी वह घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे से नीचे नहीं आया तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन उसे देखने ऊपर पहुंचे तो कमरे के आगे बरामदे में पड़े टीन शेड के लोहे के पाइप से गुड्डू का शव रस्सी के सहारे लटका हुआ था। परिवार में कोहराम मच गया। तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि युवक ने सुसाइड किया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


