
कर्ज में डूबे रिटायर्ड सीओ के बेटे ने फांसी लगाकर दी जान
Amroha News - अमरोहा में एक 37 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर ने कर्ज और विवादित जमीनों के कारण तनाव में आकर आत्महत्या कर ली। उसका शव पंखे के कुंडे से लटका मिला। विवाद के दौरान पैसे मांगने आए लोगों से कहासुनी के बाद उसने यह...
अमरोहा, संवाददाता। कर्ज में डूबे रिटायर्ड सीओ के 37 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर बेटे ने गुरुवार दोपहर फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव कमरे में पंखे के कुंडे पर रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। पैसों का तकादा करने पहुंचे किसी व्यक्ति से हुई कहासुनी के बाद अचानक ही उठाए गए आत्मघाती कदम ने परिजनों में कोहराम मचा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की। बाद ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल, देर रात तक परिजनों ने कार्रवाई को लेकर अपना रूख साफ नहीं किया था। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घेर पछय्यां की है। यहां पर ताहिर उस्मानी का परिवार रहता है।

वह पुलिस विभाग में थे। कुछ साल पूर्व ही सीओ के पद से रिटायर्ड हुए हैं। उनके चार बेटों में सबसे बड़ा बेटा 37 वर्षीय राहिल पेशे से प्रॉपर्टी डीलर था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक आठ साल का बेटा है। चर्चा है कि राहिल ने शहर में कई जमीनों में पैसा फंसा रखा था जो लोगों से उधार कर्ज या फिर उन्हें हिस्सेदार बनाकर लिया गया था। वही, कुछ विवादित जमीनों से जुड़े मामले अदालतों में भी विचाराधीन चल रहे थे। इन जमीनों में पैसा फंसे होने से परेशान राहिल काफी समय से तनाव में था। वहीं, लोग उस पर पैसे वापसी को लेकर तकादा कर रहे थे। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर में भी कुछ लोग अपने पैसे मांगने आए थे, जिनसे राहिल की कहासुनी हो गई। इसके बाद घर पहुंचे राहिल ने पत्नी व बेटे को दूसरे हिस्से में भेज दिया और कमरे में जाकर अंदर से चटखनी लगा ली। इसके बाद अपने एक दोस्त को फोन पर आत्मघाती कदम उठाने की बात कही, उसने रोका तो फिर कॉल काट दी। तुरंत ही घर पहुंचे दोस्त ने परिजनों को इस बात की जानकारी दी। दीवार कूदकर परिजन घर में कूदे, दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे तो राहिल का शव पंखे के कुंडे से रस्सी के सहारे लटका मिला। कारोबार से जुड़े लोगों में मची खलबली, कई तो सिर पकड़कर बैठे अमरोहा। राहिल के आत्मघाती कदम ने परिजनों के अलावा उन लोगों भी गहरा सदमा दिया जो उसके साथ सीधे तौर पर जमीनी कारोबार से जुड़े हुए थे। चर्चाओं पर अगर ध्यान दें तो मृतक ने जमीनों में अपने कुछ करीबी दोस्तों का पैसा भी लगा रखा था। यह रकम करीब एक से डेढ़ करोड़ के बीच बताई जा रही है। वहीं, बताया जा रहा है कि एक-दो जमीन में उलझे हुए मसले सुलझने वाले भी थे जिन्हें लेकर राहिल मुतमईन भी था। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शुरुआती जांच में मृतक के कर्जदार होने के साथ कुछ विवादित जमीनों में फंसे होने की बात सामने आई है। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच व कार्रवाई की जाएगी। शक्ति सिंह, सीओ सिटी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




