Amroha News: ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत, तीसरा घायल
Amroha News: गुरुवार रात बंबूगढ़-कैलसा बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में अमरोहा के दो दोस्तों प्रिंस और दीपांशु की मौत हो गई, जबकि वरुण गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतक बचपन के दोस्त थे।

Amroha News: जोया रोड से सटकर गुजर रहे बंबूगढ़-कैलसा बाईपास पर गुरुवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रही बाइक को रौंद दिया। हादसे में अमरोहा शहर निवासी दो दोस्तों की मौत हो गई जबकि बाइक पर सवार तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल की, क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को मोर्चरी भिजवाया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, तीसरे घायल की हालत नाजुक देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। भीषण सड़क हादसा रात लगभग 10:30 बजे के आसपास हुआ। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जय ओम नगर निवासी स्व. हरचरण सिंह का 17 वर्षीय बेटा प्रिंस तथा इसी मोहल्ले के रहने वाले अमित कुमार का 18 वर्षीय बेटा दीपांशु अपने साथी मोहल्ला दानिशमंदान निवासी वरुण पुत्र गुलाब सिंह के साथ एक ही बाइक पर सवार होकर बंबूगढ़-कैलसा बाईपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि हवा में उछलते हुए दूर जाकर गिरे प्रिंस उर्फ मयंक और दीपांशु की मौके पर ही मौत हो गई जबकि वरुण गंभीर रूप से घायल हो गया। उधर, हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रिंस और दीपांशु को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार घायल युवक के कूल्हे सहित शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर हुआ है। सीओ अवधभान भदौरिया ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे कार्रवाई की जाएगी。
पांच बहनों का इकलौता भाई था प्रिंस, परिवार का बड़ा था दीपांशु
कक्षा दस का छात्र मृतक प्रिंस पांच बहनों का इकलौता भाई था। पिता स्व. हरचरण सिंह पेशे से अधिवक्ता थे जबकि मां गंगोत्री देवी बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षिका हैं और वर्तमान में उनकी तैनाती डिडौली क्षेत्र के एक प्राथमिक विद्यालय में है। वहीं, दीपांशु परिवार का सबसे बड़ा बेटा था। उसके बाद तीन छोटे भाई-बहन हैं। पिता अमित कुमार मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां राखी गृहिणी हैं। दीपांशु कक्षा 11 का छात्र था। उसके कंधों पर ही परिवार की जिम्मेदारी थी। दोनों की मौत से परिजनों का बुरा हाल है।
बचपन की थी दोस्त, हर जुबान पर रहा याराने का चर्चा
मृतक दीपांशु और प्रिंस बचपन के दोस्त थे। मोहल्ले में दोनों के घर अलग-अलग गलियों में हैं लेकिन दोनों के दिल एक-दूसरे के बेहद करीब थे। ये ही वजह रही कि दोनों की मौत पर मोहल्ले का माहौल गमगीन रहा। हर जुबां पर दोनों के याराने के साथ मौत का आखिरी सफर भी साथ करने की चर्चा रही। शुक्रवार को दोनों के घरों पर रिश्तेदारों की भीड़ लगी रही। परिजनों की बुरी हालत देख लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


