
गजरौला में 9वीं के छात्र की डीसीएम से कुचलकर मौत
संक्षेप: Amroha News - गुरुवार को ढाबे के काउंटर में टक्कर मारकर भाग रहे डीसीएम चालक को पकड़ने के प्रयास में कक्षा नौ के छात्र सौरव की कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए...
ढाबे के काउंटर में टक्कर मारकर भाग रहे डीसीएम चालक को पकड़ने के प्रयास में गुरुवार को कक्षा नौ के छात्र की कुचलकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव सलेमपुर गोंसाई निवासी सौरव (16) पुत्र चंचल सिंह कक्षा नौ का छात्र था। चंचल का कुमराला पुलिस चौकी के पीछे ढाबा है। सौरव गुरुवार तड़के अपने भतीजे सुमित के साथ ढाबे पर सो रहा था। इसी दौरान गजरौला की ओर से जा रही डीसीएम ने ढाबे के काउंटर में टक्कर मार दी।

सौरव की आंख खुली तो डीसीएम को पकड़ने के लिए वह उसके पीछे दौड़ पड़ा और चालक को पकड़ने के प्रयास में खिड़की पर लटक गया। इसी बीच चालक ने डीसीएम की गति बढ़ा दी। अचानक झटका लगने पर सौरव छिटककर डीसीएम से नीचे गिर गया। उसकी पहिए के नीचे कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक डीसीएम लेकर फरार हो गया। सूचना पर सौरव के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। पुलिस ने भी घटनास्थल पर जानकारी की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस बावत प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने तहरीर मिलने पर आगे जांच व कार्रवाई करने की बात कही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




