
हसनपुर में जाम में जूझे लोग
संक्षेप: Amroha News - हसनपुर में गन्ना लदे वाहनों की आवाजाही के कारण संभल मार्ग पर जाम की गंभीर स्थिति बनी हुई है। बाईपास पर सबसे अधिक भीड़ है, जिससे पुलिस को जाम खुलवाने में कठिनाई हो रही है। ई-रिक्शा भी समस्या को बढ़ा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुलिसकर्मी व्यवस्था बनाने में लगे हैं।
हसनपुर, संवाददाता। गन्ना लदे वाहनों की आवाजाही के चलते संभल मार्ग पर जगह-जगह जाम के हालात बने हुए हैं। सबसे ज्यादा खराब स्थिति बाईपास की है। वाहनों की बाईपास पर जाम लग रहा है। जाम खुलवाने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। गौरतलब है कि क्षेत्र में दि किसान सहकारी चीनी मिल व चंदनपुर की त्रिवेणी शुगर मिल हैं। सहकारी चीनी मिल को जहां क्षेत्र के तमाम गांव से ट्रैक्टर ट्राली द्वारा गेट पर गन्ना लाया जाता है वहीं, विभिन्न सेंटरों से भी ट्रक आदि के माध्यम से गन्ना सप्लाई किया जा रहा है। उधर, चंदनपुर की त्रिवेणी शुगर मिल को भी क्षेत्र के कई सेंटरों से गन्ना जा रहा है।

गन्ना लदे वाहनों के चलते बाईपास पर जाम लग रहा है। संभल अड्डा, अतरासी अड्डे पर जाम में फंसे वाहन काफी देर तक खड़े रहते हैं। मिनटों का सफर आधे से एक घंटे में पूरा हो रहा है। अफसरों का दावा है कि जाम से निपटने के लिए बाईपास पर जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जिससे कि वाहनों का आवागमन सुचारू ढंग से कराया जा सके। लेकिन, इसके बावजूद भी एक दूसरे से पहले निकलने की जल्दबाजी में चालक वाहनों को आड़ा-तिरछा कर लेते हैं जिसके चलते जाम लग रहा है। उधर, शहर में ई-रिक्शाओं की वजह से जाम की समस्या गहराई हुई है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली प्रेमपाल सिंह ने बताया कि गन्ना लदे वाहनों से जाम की समस्या में इजाफा हुआ है। पुलिसकर्मी व्यवस्था बनाने में लगे हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




