Amroha News: टीईटी: दूसरे दिन भी व्यवस्था धड़ाम, शहर की मुख्य सड़कों पर लगा जाम
Amroha News: टीईटी परीक्षा के दूसरे दिन शहर में परीक्षार्थियों की भारी भीड़ और वाहनों के दबाव से जाम की स्थिति उत्पन्न हुई। परीक्षा समाप्त होने पर आजाद रोड, टीपी नगर चौराहा और बिजनौर रोड पर जाम की समस्या पैदा हुई। यातायात पुलिस ने होशियारी से स्थिति को नियंत्रित किया, लेकिन गर्मी में परेशानी बढ़ गई।

Amroha News: टीईटी परीक्षा के दूसरे दिन शुक्रवार को भी शहर में उमड़ी परीक्षार्थियों की भारी भीड़ और वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण मुख्य सड़कों व चौराहों पर जाम की स्थिति बन गई। परीक्षा केंद्रों के आसपास वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। दोपहर 12 बजे व शाम पांच बजे परीक्षा छूटने के बाद आजाद रोड से लेकर टीपी नगर चौराहा तथा बिजनौर रोड से लेकर अमरोहा-जोया ओवरब्रिज तक जाम के हालात बन गए। भीषण गर्मी के बीच जाम में फंसकर परिक्षार्थी व आम लोग हाल से बेहाल दिखाई दिए। यातायात पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल बिगड़ती स्थिति को नियंत्रित किया। जाम के कारण लोगों को गंतव्य की दूरी तय करने में खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
टीईटी परीक्षा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की थी। भारी वाहनों की शहर में एंट्री पर रोक लगा दी थी लेकिन गुरुवार को परीक्षा के पहले दिन ही पुलिस की सारी व्यवस्थाएं औंधे मुंह गिर गई थीं। शहर के बाहरी तथा अंदरूनी मार्गों पर सुबह से शाम तक 7 घंटे जाम लगा रहा था। कमोबेश ये ही हालत शुक्रवार को भी बनी रही। दोपहर 12 बजे परीक्षा छूटते ही वाहनों के बढ़ते दबाव से शहर की सड़कें जाम के बोझ तले डीबी गईं।देखते ही देखते आजाद रोड से लेकर टीपी नगर चौराहा तथा जोया ओवरब्रिज से लेकर बिजनौर रोड तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बाद लोगों ने गतंव्य के लिए गलियों का सहारा लिया तो शहर की अंदरूनी सड़के भी जाम की चपेट में आ गईं। भीषण गर्मी में बिगड़ते हालात ने यातायात पुलिसकर्मियों के होश उड़ा दिए। करीब एक घंटा की मशक्कत के बाद जाम की समस्या पर काबू पाया जा सका। उधर, शाम में पांच बजे दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद भी इन स्थानों पर दोबारा जाम की समस्या बनी लेकिन पुलिसकर्मियों ने समय रहते जाम के बढ़ते दायरे पर काबू पा लिया। जिला यातायात प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि परीक्षा छूटने के बाद परीक्षार्थियों के वाहनों के कारण कुछ देर के लिए जाम की स्थिति पैदा हुई थी, स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


