ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश अमरोहागजरौला में हत्या से मचा हड़कंप, दो घंटे बाद पुलिस को मिली सूचना

गजरौला में हत्या से मचा हड़कंप, दो घंटे बाद पुलिस को मिली सूचना

पत्नी की हत्या करने के बाद हत्यारोपी पति घर से फरार हो गया। उसके बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। खून...

गजरौला में हत्या से मचा हड़कंप, दो घंटे बाद पुलिस को मिली सूचना
हिन्दुस्तान टीम,अमरोहाSun, 13 Jun 2021 11:31 PM
ऐप पर पढ़ें

गजरौला। संवददाता

पत्नी की हत्या करने के बाद हत्यारोपी पति घर से फरार हो गया। उसके बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। जिसके बाद वहां हड़कंप मच गया। खून से लथपथ महिला को पड़ोस के लोग बाइक से उठाकर निजी अस्पताल ले गए। किसी ने पुलिस को सूचना नहीं दी। घटना के करीब दो घंटे बाद सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। वह गांव की तरफ दौड़ी। मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी की।

ग्रामीणों के मुताबिक सुरेश रोजाना शराब पीकर घर में झगड़ा करता था। उसकी पत्नी पिंकी उसके शराब पीने का विरोध करती थी। यह विरोध घर में लड़ाई का कारण बन रहा था। रविवार को भी ऐसा ही हुआ। पिंकी ने विरोध किया तो सुरेश आग बबूला हो गया। जिसके बाद उसने हाथ के पंखे को हथियार बनाया और उसकी डंडी पिंकी के गले में घुसेड़ दी। घटना के समय पिंकी की चार बेटियां व एक बेटा सभी घर पर ही थे। मां को खून से लथपथ देख उन्होंने शोर मचाया तो सुरेश घर से फरार हो गया। पड़ोस के लोग बाइक पर बैठाकर पिंकी को अस्पताल ले गए। वहां से हायर सेंटर ले जाते समय पिंकी की मौत हो गई। जिसके बाद बाइक से ही महिला के शव को गांव तक ले जाया गया। इस दौरान करीब दो घंटे बीत गए लेकिन पुलिस को किसी ने सूचना नहीं दी। कुछ ग्रामीणों के मुताबिक परिवार वाले पुलिस को सूचना नहीं देने की बात कह रहे थे लेकिन बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव पहुंचकर घटना की जानकारी की।

चार बेटियों व एक बेटे के सिर से उठ गया मां का साया

गजरौला। चार बेटियों व एक बेटे के सिर से उनकी मां का साया उठ गया। ग्रामीणों के मुताबिक सुरेश मजदूरी करता है लेकिन जितने रुपये की मजदूरी करता है उस सभी की शराब पी लेता है। उसके चार बेटियां व एक बेटा है। उनके पालन पोषण की जिम्मेदारी निभाने के लिए पिंकी को मजदूरी करनी पड़ती थी। पिंकी की मौत के बाद बच्चों के सिर से उनकी मां का साया उठ गया है। अब उनके पालन पोषण की जिम्मेदारी कौन निभाएगा।

पुलिस ने गांव पहुंचने के बाद शुरू की हत्यारोपी पति की तलाश

गजरौला। करीब दो घंटे बाद सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पिंकी के घर सैकड़ों की भीड़ इकट्ठा थी। पुलिस ने पिंकी के बच्चों से बात की। इसके बाद पुलिस हत्यारोपी पति सुरेश की तलाश में जुट गई। देर रात तक सुरेश का कहीं कुछ पता नहीं चल सका था।

अभी तक की जांच में पति पर ही महिला को मारने का आरोप है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सतेंद्र कुमार, सीओ।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें