
कार में सवारी बैठाने के शक में फौजी व उसके पिता की पिटाई, टेंपो चालक गिरफ्तार
Amroha News - रहरा में एक टेंपो चालक ने सवारी बैठाने के शक में एक फौजी और उसके पिता की पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल हो गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके साथी फरार हैं। घायल पिता-पुत्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रहरा, संवाददाता। कार में सवारी बैठाने के शक में टेंपो चालक व उसके साथियों ने फौजी और उसके पिता की पिटाई कर दी। मारपीट में पिता-पुत्र घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने मामले में आरोपी टेंपो चालक को गिरफ्तार किया है जबकि उसके साथियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार शाम रहरा कस्बे में बस अड्डे की है। बताया जा रहा है कि थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव दढियाल निवासी फौजी उमेश कुमार के बुजुर्ग पिता राजपाल सिंह बुधवार को किसी काम से हसनपुर आए थे।
देर शाम वह रहरा पहुंचे और यहां से अपने गांव के लिए एक टेंपो में बैठ गए। इसी दौरान राजपाल सिंह का फौजी बेटा उमेश अपनी कार लेकर उन्हें लेने के लिए बस अड्डे पर पहुंच गया। बताया जा रहा है कि राजपाल सिंह टेंपो से उतरकर बेटे की कार में बैठे तो टेंपो चालक ने समझा कि कार चालक उनकी सवारी अपनी कार में बैठा रहा है। इसी बात को लेकर कहासुनी के बाद उमेश की पिटाई कर दी गई। बीच-बचाव के दौरान राजपाल सिंह को भी चोट लगी। बताया जा रहा है कि टेंपो चालक के कई साथी भी मारपीट में शामिल हो गए। मौके पर अफरातफरी मच गई। किसी ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी रहरा निवासी वेद प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। घायल पिता-पुत्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष अतवीर सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि उसके साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ शांति भंग की धारा में मुकदमा दर्ज करते हुए एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




