शादी के चार माह बाद संदिग्ध हालत में विवाहिता की जलकर मौत, हंगामा

Jan 22, 2026 12:55 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share Share
Follow Us on

Amroha News - हसनपुर में एक विवाहिता कल्लो उर्फ गीता की शादी के चार महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज के लिए जलाने का आरोप लगाया है। पति पप्पू घटना के बाद फरार है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की जांच कर रही है।

शादी के चार माह बाद संदिग्ध हालत में विवाहिता की जलकर मौत, हंगामा

हसनपुर, संवाददाता। शादी के चार माह बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में जलकर मौत हो गई। बुधवार सुबह बुरी तरह जला हुआ शव कमरे से बरामद हुआ। मायके वालों ने खेत जुताई में ट्रैक्टर के संग इस्तेमाल होने वाले रुटावेटर के लिए जलाकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजा। वहीं घटना के बाद से पति फरार है। पुलिस को तहरीर दी जा रही है। जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के गांव बाईखेड़ा निवासी 25 वर्षीया कल्लो उर्फ गीता पत्नी पप्पू खड़गवंशी का शव बुधवार सुबह करीब नौ बजे संदिग्ध परिस्थिति में घर के कमरे में बुरी तरह जली हुई हालत में पड़ा मिला।

उसके कमरे से धुआं उठता देख मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे तो मामले की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही मायका थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव तिगरिया नादिरशाह निवासी परिजन भी पहुंच गए। कल्लो के भाई सत्यवान ने आरोप लगाया कि शादी के एक माह बाद से ही दहेज में रुटावेटर की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने पर कल्लो को बुरी तरी प्रताड़ित करते हुए घर से निकाल दिया गया था। वह आठ दिन पूर्व ही ससुराल लौटी थी। आरोप लगाया कि पति पप्पू खड़गवंशी ने कल्लो के शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़कने के बाद आग लगाकर उसकी सुनियोजित हत्या की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तहसीलदार परमानंद श्रीवास्तव, सीओ पंकज कुमार त्यागी ने मौका मुआयना किया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम को भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक अपराध अमरपाल सिंह ने बताया कि मायके वाले दहेज के लिए जलाकर मारने का आरोप लगा रहे हैं। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने का इंतजार किया जा रहा है। अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। कल्लो से पप्पू ने की थी दूसरी शादी, पति फरार हसनपुर। घटना के बाद से पति पप्पू खड़गवंशी घर से फरार है। पुलिस उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि करीब चार माह पूर्व पप्पू खड़गवंशी ने कल्लो से दूसरी शादी की थी। पप्पू की पहली पत्नी वीरवती पर कोई बच्चा नहीं है। आरोप है कि पप्पू आए दिन कल्लो को प्रताड़ित कर रहा था। कल्लो ने मायके वालों से इसकी शिकायत की थी। घटना से मायके में कोहराम मचा हुआ है। घर से धुआं उठने पर हुई मामले की जानकारी हसनपुर। ग्रामीणों का कहना है कि बुधवार सुबह उन्हें पप्पू के घर से धुआं उठता दिखाई दिया। साथ ही तेज दुर्गंध भी आई। मोहल्ले के लोग जमा होकर पप्पू के घर पहुंचे तो देखा कि कमरे के भीतर से धुआं निकल रहा था। भीतर से दरवाजा लगा था। इस दौरान परिवार का कोई भी सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था। दरवाजा तोड़कर अंदर झांका तो कल्लो का शव बुरी तरह जली अवस्था में पड़ा था। पास में गद्दा व सोफा भी जली हालत में थे। मौके से मिट्टी के तेल की गंध आ रही थी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;
;