
ईरान से नौगावां लौटीं दो छात्राएं, बोलीं- वहां सड़कों पर खौफ और खूनी संघर्ष
Amroha News - ईरान की शिराज यूनिवर्सिटी से लौटने वाली छात्राओं ने वहाँ के खतरनाक हालात का वर्णन किया। मोबाइल और इंटरनेट बंद होने के कारण वे अपने परिवारों से संपर्क नहीं कर पा रही थीं। चार परिवारों की चिंता बढ़ रही है क्योंकि पिछले 10 दिनों से उनका कोई हाल नहीं मिला। छात्रों की वापसी के लिए दुआएं जारी हैं।
सड़कों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खूनी झड़पें हो रही हैं, मोबाइल-इंटरनेट पूरी तरह ठप है और हम हॉस्टल के कमरों में कैद होकर सिर्फ सलामती की दुआएं मांग रहे थे। यह आपबीती है ईरान की शिराज यूनिवर्सिटी से जान बचाकर लौटीं नौगावां सादात की छात्राओं की। ईरान से वतन वापसी करने वाली युसरा और अर्श ने वहां के जो हालात बयां किए हैं, उसने परिजनों की रूह कंपा दी है। मोहल्ला बंगला निवासी युसरा बतूल और मोहल्ला शाह फरीद निवासी अर्श ने बताया कि उन्होंने दो महीने पहले ही एमबीबीएस में एडमिशन लिया था, लेकिन सपने पूरे होने से पहले ही वहां युद्ध जैसे हालात बन गए।
छात्राओं के मुताबिक, ईरानी सरकार ने इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क पूरी तरह बंद कर दिया था, जिससे हम अपने माता-पिता तक को यह नहीं बता पा रहे थे कि हम जिंदा हैं या नहीं। सड़कों पर तनाव इतना था कि बाहर निकलना मौत को दावत देने जैसा था। यूनिवर्सिटी डेढ़ महीने के लिए बंद होने के बाद भारतीय दूतावास की मदद से दोनों किसी तरह भारत पहुंच सकीं। चार परिवारों की चुप्पी से मची बेचैनी छात्राओं की वापसी से एक तरफ खुशी है, तो दूसरी तरफ उन चार परिवारों में चिंता और बेचैनी है जिनसे पिछले 10 दिनों से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। नौगावां सादात के रहने वाले ये चार परिवार ईरान के अलग-अलग शहरों में बसे हैं। इंटरनेट ब्लैकआउट के कारण उनकी कोई खबर न मिलने से रिश्तेदारों में बेचैनी बढ़ती जा रही है। कस्बे के करीब 10-12 अन्य छात्र-छात्राएं भी अभी वहां फंसे हैं या वापसी के रास्ते में हैं। दुआओं का दौर जारी, एक और छात्रा की कल वापसी जो शिया समुदाय के लिए दीनी और दुनियावी तालीम का बड़ा केंद्र है, वहां से अब छात्रों का मोह भंग हो रहा है। मोहल्ला शहफरीद निवासी अफजाल हैदर की बेटी हुदा वहां एमबीबीएस चतुर्थ वर्ष की छात्रा है, उसके भी रविवार तक घर लौटने की उम्मीद है। फिलहाल, नौगावां की गलियों में उन परिवारों की सलामती के लिए दुआएं मांगी जा रही हैं, जिनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




