Amroha News: किसान के घर से नकदी-जेवरात समेत दो लाख की चोरी
Amroha News: देहात थाना क्षेत्र के गांव मझौली में शनिवार रात चोरों ने किसान के घर की दीवार में नकब लगाकर करीब 20 हजार की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत दो लाख रुपये मूल्य का सामान चोरी किया। घटना की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की, लेकिन क्षेत्र में हाल के समय में हो रही लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीण परेशान हैं।

Amroha News: देहात थाना क्षेत्र के गांव मझौली में शनिवार रात चोरों ने किसान के घर की दीवार में नकब लगाकर करीब 20 हजार की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेत दो लाख रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। सुबह में घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। पीड़ित किसान ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। वहीं, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत के साथ ही पुलिस की कार्यशैली को लेकर भारी गुस्सा है। जानकारी के मुताबिक गांव मझौली निवासी किसान वीरपाल सिंह शुक्रवार रात गर्मी होने के कारण परिवार के सदस्यों के साथ आंगन में सो रहे थे।
रात में किसी समय चोर पीछे की दीवार में नकब लगाकर उनके घर में दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने कमरों को खंगालते हुए अलमारी और संदूक के ताले तोड़कर उनमें रखी 20 हजार की नकदी, सोने की चेन, सोने के कुंडल, चांदी के जेवरात समेत करीब दो लाख रुपये कीमत का सामान समेट लिया और उसी रास्ते से फरार हो गए। शनिवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो कमरों का नजारा देखकर होश उड़ गए। सामान जहां-तहां बिखरा पड़ा था, अलमारियां खुली हुई थीं और संदूक खाली पड़े थे। चोरी का पता चलते ही परिवार में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और घटना की सूचना थाना अमरोहा देहात को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची व घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों का कहना है कि अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों से चोरी की घटना लगातार बढ़ रही हैं। कई घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। इस बावत सीओ अवधभान सिंह भदौरिया ने जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही।


