दामाद ने साथियों संग मिलकर ससुर के साथ की मारपीट
रजबपुर थाना क्षेत्र में दामाद ने अपनी ससुराल के सामने हूटर बजा दिया। ससुर के विरोध करने पर जमीन पर गिराकर मारपीट की। पुलिस ने आरोपी दामाद समेत चार...
अमरोहा। रजबपुर थाना क्षेत्र में दामाद ने अपनी ससुराल के सामने हूटर बजा दिया। ससुर के विरोध करने पर जमीन पर गिराकर मारपीट की। पुलिस ने आरोपी दामाद समेत चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव ईंट का रढ़ा निवासी मुरारी सिंह ने बेटी सुनीता की शादी गजरौला थाना क्षेत्र के भानपुर खालसा निवासी दुष्यंत के साथ की। दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण ससुराल वालों ने उसकी बेटी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। जिसके चलते बेटी सुनीता मायके में रह रही है। आरोप है कि छह दिसंबर की रात साढ़े दस बजे मुरारी का दामाद दुष्यंत अपने साथ भाई सचिन और पिता धर्मपाल व गांव के दिनेश पुत्र ऋषि को लेकर आया। सभी बोलेरो में सवार थे। इसके बाद वह मुरारी के घर के आगे अवैध हूटर बजाने लगे। उसने पुलिस की गाड़ी समझी और बाहर आया। इस पर कार सवार दामाद व साथ आए दबंगों ने उसे रास्ते में गिराकर मारना पीटना शुरू कर दिया। शोर मचाने पर आए गांव के लोगों ने बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने संबंधित धाराओं में उपरोक्त आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। रजबपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि अभियोग दर्ज कर लिया गया है। बताया कि मामले में जांच कर गिरफ्तारी की जाएगी।