दूसरे दिन भी खराब रहा मौसम का मिजाज, ठिठुरन बढ़ी
Amroha News - अमरोहा, संवाददाता। शनिवार को दूसरे दिन भी जिले में मौसम का मिजाज खराब रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। अमरोहा व आसपास क्षेत्रों में हल्की बारिश भी

शनिवार को दूसरे दिन भी जिले में मौसम का मिजाज खराब रहा। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। अमरोहा व आसपास क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। शीतलहर चलने से मौसम सर्द हो गया है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन के समय तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ गई। गर्म कपड़ों में लिपटे हुए लोगों की भी सर्दी में कंपकंपी छूटती रही। शनिवार को हल्की बूंदाबांदी और बादलों के छाने से मौसम बेहद सर्द हो गया। बारिश के बाद अधिकतम तापमान में भी चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई जबकि न्यनूतम मापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ गया। दिन के समय तापमान में गिरावट आने से शरीर में ठिठुरन बनी रही। खराब मौसम के कारण बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई, लोगों को परेशानी का सामना करना पडा। ठंड से निजात पाने के लिए लोग दिनभर घरों में कैद रहे। अलाव, हीटर आदि का सहारा लिया। खराब मौसम के चलते सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को हुई। भीषण ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। वहीं मौसम की खराबी के चलते स्कूलों में छात्र संख्या भी कम हो रही है। गौरतलब है कि बीते एक सप्ताह से जिले में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। तीन दिन पहले जहां मौसम पूरी तरह साफ था और तेज धूप निकल रही थी तो वहीं गुरुवार को तड़के आसमान में घना कोहरा छाया रहा। शुक्रवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया और बूंदाबांदी हुई। शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान मात्र 18 डिग्री सेल्सियस ही रहा।
बारिश के चलते गेहूं की बुआई प्रभावित
अमरोहा। शुक्रवार से खराब मौसम के चलते जिले में गेहूं की बुआई ठप हो गई है। बारिश के चलते अगले एक सप्ताह तक क्षेत्र में गेहूं की बुआई नहीं हो सकेगी। इससे किसानों की मुश्किल बढ़ गई है। जिला कृषि अधिकारी बबलू कुमार ने भी बारिश से गेहूं की बुआई प्रभावित होने की बात कही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।