आंधी-बरसात से हसनपुर क्षेत्र में 42 खंभे टूटने के संग 13 ट्रांसफार्मर खराब हुए, सुबह से बिजली ठप
हसनपुर में आंधी और बारिश के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो गई है। 42 खंभे टूट गए और 13 ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं, जिससे एक करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। विभागीय अधिकारी और कर्मचारी बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास में जुटे हैं।

हसनपुर, संवाददाता। आंधी-बरसात से बिजली आपूर्ति पूरी तरह छिन्न-भिन्न हो गई। तहसील क्षेत्र में 42 खंभे टूट गए जबकि 13 ट्रांसफार्मर खराब हो गए। विभाग को एक करोड़ से अधिक का नुकसान होने की बात कही जा रही है। देर शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोशिश जारी थी।एक्सईएन राजेश प्रसाद ने बताया कि बुधवार सुबह की आंधी से हसनपुर देहात बिजलीघर की लाइनों के 16 समेत तहसील क्षेत्र में कुल 42 खंभे टूटे हैं। कालका वाली डगरौली के नजदीक पेड़ गिरने से बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। बागड़पुर मुन्जप्ता के जंगल में तीन खंभे तार समेत जमीन पर आ गए।
उझारी उप संस्थान से शहर के बिजलीघर को आपूर्ति देने वाली लाइन पर जगह-जगह पेड़ या टहनी टूटकर गिरने से फाल्ट हुआ है। सिहाली जागीर, ताहरपुर, ढक्का, ईशापुर शर्की, ढवारसी, रहरा, आदमपुर समेत तहसील क्षेत्र के सभी बिजलीघरों की लाइन पर 42 खंभे टूटे हैं जबकि 13 ट्रांसफार्मर खराब हुए हैं। विभागीय अधिकारी व कर्मचारी लाइन दुरुस्त कराने के प्रयास में जुटे हैं। बुधवार सुबह आठ से शाम सात बजे तक तहसील क्षेत्र के सभी बिजलीघरों से आपूर्ति ठप थी। एक्सईएन ने बताया कि खंभे व तार टूटने से एक करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। लाइन दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। देर रात तक शहर की बिजली बहाल कर दी जाएगी। ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति में कुछ समय लग सकता है। उधर, जिले में दो दिन में आंधी बारिश से 208 खंभे टूटे हैं और 37 ट्रांसफॉर्मर जले।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


