
घने कोहरे ने हाईवे पर रोकी वाहनों की रफ्तार, शीतलहर के प्रकोप से जनजीवन प्रभावित
Amroha News - गजरौला में रविवार की सुबह घने कोहरे और शीतलहर से जनजीवन प्रभावित हुआ। दृश्यता कम होने पर वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ठंड से बुजुर्गों और बच्चों पर सबसे अधिक असर पड़ा। लोग घरों में कैद रहे और अलाव के सहारे ठंड से बचने की कोशिश करते दिखे। प्रशासन ने सावधानी बरतने की अपील की।
गजरौला, संवाददाता। रविवार की सुबह घने कोहरे और शीतलहर के प्रकोप से जनजीवन प्रभावित हुआ। घना कोहरा छाए रहने के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। दृश्यता बेहद कम होने से वाहन चालकों को हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर चलना पड़ा। कई स्थानों पर वाहन रेंगते नजर आए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। वहीं ठंडी हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी। रविवार को सार्वजनिक अवकाश की वजह से लोग देर तक घरों में कैद रहे। ठंड बढ़ने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं, वहीं आवश्यक काम से बाहर निकलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ठंड का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों, बच्चों और मजदूर वर्ग पर देखने को मिल रहा है। सुबह के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते नजर आए। शहर के स्टेशन रोड के अलावा, खाद गुर्जर चौराहा, इंदिरा चौक, चौपला आदि पर लोग अलाव के सामने खड़े होकर ठंड से बचने की कोशिश करते दिखाई दिए। अस्पतालों में भी सर्दी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।आने वाले दिनों में कोहरा और शीतलहर का असर बना रह सकता है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




