
एक डिग्री और लुढ़का तापमान, सर्द हवाओं से कांपा जनजीवन
Amroha News - अमरोहा/गजरौला। जिले में सर्दी लगातार तेवर दिखा रही है। शनिवार को तापमान में एक डिग्री
जिले में सर्दी लगातार तेवर दिखा रही है। शनिवार को तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। सुबह से ही सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपी छुड़ा दी। घना कोहरा और ठंडी हवा के चलते जनजीवन खासा प्रभावित रहा। स्कूली बच्चे भी ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे। शनिवार सुबह के समय घना कोहरा छाने से दृश्यता कम रही। हाईवे और मुख्य सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई। स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाज पर निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। धूप न निकलने से ठंड बनी रही, जिससे लोग घरों में दुबके रहने को मजबूर दिखे।
ठंड बढ़ने का सीधा असर बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भी नजर आया। बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग अलाव और हीटर का सहारा लेते दिखाई दिए। गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने से दुकानों पर भीड़ रही। शहर के इंदिरा चौक, खाद गुर्जर चौराहा समेत कई स्थानों पर लोग अलाव के सामने बैठे दिखाई दिए। वहीं, फुटपाथ पर रहने वाले जरूरतमंदों के लिए सर्दी और मुसीबत बन गई है। स्वास्थ्य पर भी ठंड का असर पड़ने लगा है। सर्दी, जुकाम, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि ठंड में विशेष सावधानी बरतें, गर्म कपड़े पहनें और ठंडी हवा से बचाव करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




