
पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा अमरोहा का तापमान, ठंड में कांपी आबादी
Amroha News - अमरोहा में ठंड का सितम बढ़ रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह घने कोहरे के कारण दृश्यता कम रही, जिससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई। दिन में धूप से थोड़ी राहत मिली, लेकिन शाम को फिर से ठंड बढ़ गई। अगले चार दिन राहत की उम्मीद नहीं है।
अमरोहा। जिले में ठंड का सितम लगातार बढ़ रहा है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह में पूरा जिला घने कोहरे और बादलों की आगोश में रहा। दोपहर 11 बजे तक घना कोहरा छाने व दृश्यता कम होने से लोगों को आवाजाही में खासी परेशानी उठानी पड़ी। सर्द हवा से सिहरन बढ़ गई, सर्दी से लोग कांप उठे। सर्दी से बचाव के लिए लोग घरों में ही कैद रहे। वहीं दोपहर बाद निकली धूप ने जरूर सर्दी से कुछ राहत दिलाई। हालांकि सर्द हवा के चलते धूप में भी कंपकंपी छूटती रही। वहीं शाम ढलते ही फिर से गलन और ठिठुरन वाली सर्दी शुरू हो गई।
शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान सात से घटकर पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह घने कोहरे और बादलों के बीच हुई। लोग सोकर उठे तो पूरा जिला घने कोहरे की चादर में लिपटा मिला। दृश्यता बेहद कम होने के चलते आसपास की चीजों को देख पाना भी मुश्किल रहा। नेशनल व स्टेट हाईवे से लेकर अन्य मार्गों पर वाहन धीमी रफ्तार से आगे बढ़े। ठिठुरन से बेहाल लोग अलाव, हीटर आदि के आसपास सिमटे दिखे। दिन में तीन किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली सर्द हवा सिहराती रही। सड़कों और बाजारों में सन्नाटा पसरा नजर आया। दृश्यता 14 किमी दर्ज की गई। हालांकि दोपहर बाद निकली धूप ने जरूर ठंड से कुछ राहत दिलाई। दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं अगले चार दिन तक सर्दी व कोहरे से राहत नहीं मिलने का पूर्वानुमान मौसम विभाग स्तर से जारी किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




