आसमान में छाया घना कोहरा, वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक

आसमान में छाया घना कोहरा, वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक

संक्षेप:

Amroha News - मौसम में सर्दी का सितम बढ़ रहा है। मंगलवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गर्म कपड़ों की मांग में तेजी आई है, और दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि यदि सर्दी बढ़ी, तो बिक्री और बढ़ेगी।

Dec 10, 2025 12:10 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share

मौसम में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को भी सुबह से ही जिले के आसमान में घना कोहरा छाया रहा। सर्दी संग कोहरे की आमद के चलते नेशनल व स्टेट हाईवे समेत अन्य मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। वाहन चालकों व यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं दिन का न्यूनतम तापमान 11 व अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिसंबर माह की शुरुआत संग जिले में सर्दी का असर लगातार बढ़ रहा है। सुबह-शाम जहां तेज ठंड पड़ रही है तो वहीं दोपहर में खिल रही धूप कुछ राहत दिला रही है। मंगलवार को भी कड़ाके की ठंड और कोहरे के असर के चलते नेशनल व स्टेट हाईवे समेत अन्य मार्गों पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

वाहन सुस्त रफ्तार से ही आगे बढ़े। वहीं सामान्य जनजीवन भी कोहरे व ठंड के चलते खासा प्रभावित हुआ सुबह दस बजे तक बाजारों में आम लोगों की आवाजाही बेहद कम रही। जरूरी कामों से ही लोग घरों से बाहर निकले। सर्दी से बचाव के लिए कई स्थानों पर लोगों ने अलाव भी जलाए। सुबह में स्कूली बच्चे भी ठंड में ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे, परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, उपकृषि निदेशक राम प्रवेश ने मौसम विभाग के पूर्वानुमान के हवाले से बताया कि आने वाले दिनों में मौसम में कोहरे व ठंड का प्रकोप और बढ़ेगा। शहर सीएचसी पर तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ.मोहम्मद इदरीश ने आम लोगों को ठंड से बचाव को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतने का सुझाव दिया। ठंड संग बढ़ी गर्म कपड़ों की मांग सर्दी के बढ़ते तेवरों ने गर्म कपड़ों के बाजार में भी रौनक बढ़ा दी है। तापमान में गिरावट के साथ ही शहर के बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी तेज हो गई है। स्वेटर, जैकेट, टोपी, मफलर और दस्तानों की दुकानों पर सुबह से देर शाम तक ग्राहकों की भीड़ रहती है। मंगलवार को भी कई दुकानों पर लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी करते दिखे। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक पिछले एक सप्ताह में गर्म कपड़ों की मांग लगभग दोगुनी हो गई है। दुकानों पर भीड़ ज्यादा दिख रही है। शाम के समय बाजारों में लोगों की आवाजाही इतनी बढ़ जाती है कि पार्किंग की जगह तक मुश्किल से मिलती है। ग्राहकों का कहना है कि इस बार ठंड का असर जल्दी महसूस होने लगा है, इसलिए वह परिवार के लिए जरूरी गर्म कपड़े पहले ही खरीद रहे हैं। शहर के खाद गुर्जर चौराहा, बस्ती मार्ग की दुकानों पर लोग गर्म कपड़ों की खरीदारी करते दिखाई दिए। वहीं दुकानदारों का मानना है कि यदि तापमान इसी तरह गिरता रहा, तो आने वाले दिनों में बिक्री और भी बढ़ेगी। कपड़ा विक्रेता रविंद्र गोयल ने बताया कि इस बार गर्म कपड़ों की खरीदारी ज्यादा हो रही है। ठंड बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों की खरीदारी बढ़ी है। हालांक गर्म कपड़े 20 प्रतिशत तक महंगे भी हो गए हैं।