मजदूरी मांगने पर नौकर को पीटा, तंदूर में जलाने की कोशिश
नेशनल हाईवे किनारे संचालित होटल स्वामी ने नौकर की मजदूरी देने से इनकार कर दिया। उसके साथ मारपीट करते हुए तंदूर में जलाने का प्रयास किया। घायल हालत...
गजरौला। हिन्दुस्तान संवाद
नेशनल हाईवे किनारे संचालित होटल स्वामी ने नौकर की मजदूरी देने से इनकार कर दिया। उसके साथ मारपीट करते हुए तंदूर में जलाने का प्रयास किया। घायल हालत में पीड़ित मजदूर सीएचसी पहुंचा। पुलिस को भी तहरीर देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव धोरिया निवासी राजेंद्र क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद के पास संचालित एक होटल में नौकरी करता है। शुक्रवार देर रात राजेंद्र ने होटल संचालक से अपनी मजदूरी मांगी। आरोप है कि होटल संचालक ने रुपये देने से इनकार कर दिया। अपने साथियों के साथ राजेंद्र को मार पीटकर घायल कर दिया। इतना ही नहीं उसे तंदूर में जलाने का प्रयास भी किया। मौजूद लोगों ने किसी तरह राजेंद्र को बचाया। राजेंद्र की माने तो होटल संचालक उसकी चार महीने की मजदूरी नहीं दे रहा है। घायल हालत में राजेंद्र सीएचसी पहुंचा। पुलिस को भी घटना की तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही।