Amroha News: अलीगढ़ मार्ग पर जगह जगह बने गड्ढे, हादसे की आशंका
Amroha News: हसनपुर। अलीगढ़ मार्ग पर क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर से लेकर रहरा तक जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। मार्ग पर आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।बता

Amroha News: हसनपुर। अलीगढ़ मार्ग पर क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर से लेकर रहरा तक जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। मार्ग पर आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि हसनपुर से लेकर मंगरौला तक एक्सप्रेसवे के नजदीक तक गत दिनों मार्ग का निर्माण करा दिया गया था। लेकिन इससे आगे रहरा तक मार्ग आज भी जर्जर है। जगह-जगह बने गड्ढे हादसों का सबब बन रहा है। गड्ढे की वजह से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।ग्रामीणों के मुताबिक रुस्तमपुर में भी सड़क पर गड्ढा बना हुआ है। आसपास के घरों के जल निकासी की व्यवस्था न होने की वजह से गांव का पानी सड़क पर भर रहा है।
लगातार पानी भरा रहने व भारी वाहनों की आवाजाही के चलते बड़ा गड्ढा बन गया है। रात में अचानक गड्ढा दिखाई न देने से बाइक आदि वाहन गिरने से रोज दो-चार लोग चोटिल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि पानी भरा से सड़क के गड्ढे का अंदाजा नहीं हो पाता है, जिससे तेज गति वाहन गिर जाते हैं। गांव निवासी पप्पू गुर्जर, नेपाल सिंह, राजवीर सिंह, जितेंद्र सिंह, अजयपाल सैनी व जयपाल सिंह का कहना है कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया जा चुका है लेकिन समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मार्ग की मरम्मत कराई जाई। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि लोनिवि अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए कहा गया है, जल्द समाधान हो जाएगा।


