आलराउंडर मुनेंद्र की बदौलत रुक्मणी अकादमी 27 रन से जीती
Amroha News - अमरोहा में रुक्मणी क्रिकेट अकादमी ने योगेंद्र सिंह क्रिकेट अकादमी को 27 रन से हराया। रुक्मणी ने 228 रन बनाए जबकि योगेंद्र की टीम 201 रन पर ऑलआउट हो गई। मुनेंद्र प्रताप सिंह को प्लेयर ऑफ-द-मैच और अभय सिंह को बेस्ट बेस्टमैन चुना गया।

अमरोहा। रुक्मणी क्रिकेट अकादमी के मैदान पर खेले गए मैच में रुक्मणी क्रिकेट अकादमी ने योगेंद्र सिंह क्रिकेट अकादमी को 27 रन से हरा दिया। मुनेंद्र प्रताप सिंह को प्लेयर ऑफ-द-मैच, अभय सिंह बेस्ट बेस्टमैन व नामरा को बेस्ट बॉलर चुना गया। मंगलवार को खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी रुक्मणी क्रिकेट की अकादमी की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में आठ विकेट खोकर 228 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज मोहम्मद अमान 15 व विवेक गेंद पांच रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बाद मुनेंद्र प्रताप सिंह ने आक्रामकता के साथ खेलते हुए पारी को संभाला।
उन्होंने मात्र 32 गेंदों में 54 रन की पारी खेली, जिसमें तीन चौके और चार शानदार छक्के शामिल रहे। योगेंद्र सिंह क्रिकेट अकादमी की ओर से नामरा ने सात ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी योगेंद्र सिंह क्रिकेट अकादमी की शुरुआत निराशा भरी रही। वासू चार व अंश सैनी नौ रन पर ही विकेट गंवा गए। नक्श ने 53 गेंदों में 32 रन बनाकर पारी संभालने का प्रयास किया, लेकिन धीमी बल्लेबाजी के कारण टीम पर रन रेट का दबाव हावी हो गया। मध्यक्रम में कप्तान अभय सिंह ने 84 गेंदों में 72 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जिसमें छह चौके शामिल रहे लेकिन टीम को जीत दिलाने में नाकाम रहे। रूक्मणी की ओर से मोहम्मद अरीब ने सात ओवर में मात्र 11 रन देकर एक विकेट लिया। मुनेंद्र प्रताप सिंह ने भी दो विकेट झटके। वहीं, योगेंद्र सिंह अकादमी की पूरी टीम 40 ओवर में नौ विकेट पर 201 रन ही बना सकी। इस तरह रुक्मणी क्रिकेट अकादमी ने मैच 27 रन से जीत लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


