स्मार्ट मीटर बदलने की मांग को महिलाओं ने घेरा एसडीओ कार्यालय
सुबोध नगर के निवासियों ने प्रीपेड स्मार्ट मीटर के रिचार्ज के बावजूद कनेक्शन न जुड़ने पर प्रदर्शन किया। महिलाओं ने एसडीओ कार्यालय का घेराव कर पुराना पोस्टपेड मीटर लगाने की मांग की। उन्होंने गलत बिल और तेज मीटर चलने की शिकायत की, और समस्या का समाधान न होने पर उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की चेतावनी दी।

प्रीपेड स्मार्ट मीटर का रिचार्ज कराने के बाद भी कनेक्शन न जुड़ने से परेशान मोहल्ला सुबोध नगर के बाशिंदों का बुधवार को धैर्य जवाब दे गया। करीब 100 से ज्यादा महिलाओं ने डबल-नाइन बिजलीघर के बराबर में एसडीओ कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन कर स्मार्ट मीटर की जगह पुराना पोस्टपेड मीटर लगवाने की मांग को लेकर एसडीओ को ज्ञापन सौंपा। सभासद यशपाल सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने गलत बिल आने, मीटर तेज चलने और रिचार्ज के बाद भी कनेक्शन न जुड़ने की एसडीओ राजकुमार मिश्रा से शिकायत की। परेशानी का सबब बने मीटर को न बदलने पर उच्चाधिकारियों से शिकायत करने संग आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
एसडीओ ने बताया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। इसके बाद ही महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ। सभासद यशपाल सिंह ने बताया कि वार्ड में लोगों के घरों पर स्मार्ट मीटर लगने के बाद से ही समस्या लगातार बनी हुई है। शिकायत के बाद भी बिजली अफसर सुनवाई नहीं कर रहे हैं। इसको लेकर लोगों में आक्रोश है। जल्द समाधान न किए जाने पर शासन स्तर पर शिकायत की जाएगी।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


