रीना के शव की तलाश में दूसरे दिन भी खंगाली गंगा
Amroha News - हसनपुर में रीना का शव गंगा में खोजा गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस का मानना है कि शव के अवशेष से अदालत में पुख्ता सबूत मिलेंगे। रीना की शादी 10 माह पहले हुई थी और दहेज को लेकर उसकी हत्या की...

हसनपुर, संवाददाता। दूसरे दिन भी गंगा में रीना के शव की तलाश की गई। हालांकि, आज भी कोई सफलता नहीं मिली। पुलिस मान रही है कि अगर शव के अवशेष भी मिल जाएं तो उनके पास अदालत में प्रस्तुत करने के लिए पुख्ता सबूत होगा। उधर, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत ने जेल भेज दिया। थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव कोकापुर निवासी रीना की शादी 10 माह पूर्व थाना रहरा क्षेत्र के गांव वंशी वाला महरपुर निवासी निगम से हुई थी। रीना के पिता धर्मवीर सिंह की मौत हो चुकी है। मां कौशल्या का कहना है कि दहेज में ट्रैक्टर की मांग को लेकर बीते 20 अगस्त को दिन में रीना के साथ मारपीट की गई थी।
उसने फोन पर अपने भाई मुकेश को मामले की जानकारी दी थी। 21 अगस्त की सुबह से मुकेश के मोबाइल पर निगम ने फोन करते हुए बताया कि रीना सुबह चार बजे से घर से गायब है। मुकेश व उसकी मां कौशल्या महरपुर पहुंचे तो कौशल्या के मुताबिक घर में रीना के हाथों की टूटी चूड़ी, पैरों की चप्पल, साड़ी व डंडा पड़ा था, जिससे आशंका हुई कि उसके साथ कुछ अनहोनी हुई है। पूछने पर ससुराल वालों ने बता दिया कि रीना कहीं चली गई है। पड़ोस के लोगों से जानकारी की तो उन्होंने दबी जुबान में बताया कि रीना की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है और उसका शव गंगा में फेंक दिया गया है। 21 अगस्त को रहरा थाने में रीना की गुमशुदगी दर्ज की गई। पुलिस ने निगम को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की तो उसने शव गंगा में डालने की बात कही। निगम की निशानदेही पर बुधवार को सीओ दीप कुमार पंत, थानाध्यक्ष अतवीर सिंह ने गंगा में शव की तलाश कराई। शव तो नहीं मिला लेकिन जिस रास्ते से शव ले जाने की बात कही गई थी उस पर दुपट्टा पड़ा मिला। इस मामले में रीना के पति निगम, जेठ महकार, तहेरे जेठ विजेंद्र, ससुर सुरेश व सास कुंता के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। निगम, महकार व विजेंद्र को गिरफ्तार कर बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। उधर, गुरुवार को शव की तलाश में गोताखारों ने गंगा तलाशी। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि अभी शव बरामद नहीं हुआ है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




