Amroha News: बारिश से कमजोर हुई कच्चे मकान की छत गिरी, घरेलू सामान दबा
Amroha News: आदमपुर क्षेत्र के करनपुर खादर गांव में लगातार बारिश से कमजोर हुए कच्चे मकान की छत सोमवार शाम अचानक गिर गई। परिवार के सदस्य सुरक्षित बच गए, लेकिन राशन, कपड़े, चारपाई और अन्य सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। पीड़ित मलखान ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर आर्थिक सहायता और आवास योजना का लाभ देने की मांग की है। तहसीलदार ने बताया कि लेखपाल को निरीक्षण के लिए भेजा गया है।

Amroha News: शनिवार व रविवार को हुई बारिश से आदमपुर क्षेत्र के गांव करनपुर खादर में कमजोर हुई कच्चे मकान की छत सोमवार शाम अचानक गिर गई। हादसे में गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया, हालांकि गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार गांव निवासी मलखान पुत्र सुक्खन सिंह का कच्चा मकान लगातार बारिश से कमजोर हो गया था। सोमवार शाम अचानक उसकी छत भरभराकर गिर गई। छत गिरने से घर में रखा राशन, चारपाई, कपड़े और अन्य जरूरी सामान मलबे में दबकर खराब हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान परिवार के लोग मकान के कोने में बने छप्पर में थे।
मकान क्षतिग्रस्त होने से पीड़ित परिवार के सामने रहने और रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है। सुरक्षित ठिकाने के अभाव में परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित मलखान ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर क्षतिग्रस्त मकान का तत्काल निरीक्षण कराने और नुकसान का आकलन कर आपदा राहत के तहत आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। उन्होंने मकान की मरम्मत और पात्रता के अनुसार आवास योजना का लाभ दिलाने की भी गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। तहसीलदार अजेंद्र तोमर ने बताया कि लेखपाल को मौके पर क्षति का आंकलन करने के लिए भेजा गया है। शासन को रिपोर्ट प्रेषित की जाएगी।

