Amroha News: खादर क्षेत्र के गांवों में खतरे में लोगों की जान, घरों के पीछे भरा बरसात का पानी
Amroha News: -प्रशासन ने जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को किया सचेत संबंधित फोटो हिन्दुस्तान अमरोहा
Amroha News: बरसात के दिनों में खादर क्षेत्र के लगभग हर गांव में कई-कई मकान खतरे के निशान पर हैं। बताया जा रहा है कि जिन मकानों के पीछे खेत हैं, उनकी नींव व दीवार लगातार बरसात का पानी भरा रहने से कमजोर हो गई हैं। प्रशासन ने ऐसे लोगों को सचेत रहने के लिए कहा है। क्षेत्र के गांव हथियाखेड़ा निवासी चंद्रपाल सिंह खड़गवंशी ने बताया कि उनके घर के पीछे खेत हैं, जिसमें बरसात से पानी भर गया है। पानी भरा रहने से मकान की दीवार कमजोर हो गई है। हादसे के डर से इस मकान को खाली कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के गांव डगरौली, डांके वाली, करनखाल, लुहारी खादर व बाईखेड़ा में इस तरह के घरों की संख्या दर्जनों में हैं, जिनके पीछे या बराबर के खेतों में पानी भरा है। कई घरों की दीवार तालाब से भी मिल रही है। एसडीएम हिमांशु उपाध्याय ने बताया कि इस तरह के घरों में रहने वाले लोगों को बरसात के मौसम में सचेत रहने के लिए कहा गया है। जर्जर घरों में रहने वाले लोगों को इस संबंध में चेतावनी दी गई है। जानकारों का कहना है कि गंगा खादर के गांवों की मिट्टी चिकनी होने की वजह से पानी देर तक भरा रहता है। लगातार बरसात व नमी से दीवार व नींव में पानी भर जाता है। कई बार मकान धंसकने से हादसे होते रहे हैं।


