ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश अमरोहारैन बसेरे में सो रहे वृद्ध की ठंड से मौत, हड़कंप

रैन बसेरे में सो रहे वृद्ध की ठंड से मौत, हड़कंप

रैन बसेरे में सो रहे 65 वर्षीय वृद्ध की ठंड से मौत हो गई। जानकारी होने पर पालिका प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जाने से रोक दिया। शव...

रैन बसेरे में सो रहे वृद्ध की ठंड से मौत, हड़कंप
हिन्दुस्तान टीम,अमरोहाTue, 14 Jan 2020 12:39 AM
ऐप पर पढ़ें

रैन बसेरे में सो रहे 65 वर्षीय वृद्ध की ठंड से मौत हो गई। जानकारी होने पर पालिका प्रशासन के बीच हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाए जाने से रोक दिया। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की।

जिले में मंडी धनौरा कस्बे के मोहल्ला अट्टा निवासी 65 वर्षीय भजनलाल वर्मा बीते कुछ साल से गजरौला की टीचर्स कालोनी में अपनी बेटी ऊषा के यहां रहते थे। ऊषा यहां अपने पति राजेश वर्मा के साथ किराए के मकान में रहतीं हैं। बताया जाता है कि बीते करीब दो-तीन माह से भजनलाल अपनी बेटी के घर से दूर शहर में ही फुटपाथ, रेलवे स्टेशन और अन्य स्थानों पर रहकर गुजर बसर कर रहे थे। रविवार को ठंड ज्यादा होने पर वह ब्लाक परिसर सभागार में संचालित रैन बसेरे में सो गए। इसके बाद सोमवार सुबह साढ़े सात बजे तक भी जब सो रहे अन्य सभी लोग उठकर चले गए और भजनलाल नहीं उठे तो वहां ड्यूटी पर तैनात पालिकाकर्मी मौके पर पहुंचे। भजनलाल को बिस्तर से उठाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं उठे। इसकी जानकारी कर्मचारियों ने ईओ को दी। सूचना पर सीएचसी से चिकित्साधीक्षक डा.योगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। चिकित्सकीय जांच के बाद भजनलाल को मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर वृद्ध की बेटी व दामाद भी रैन बसेरे में पहुंच गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल था। उधर, इसके बाद बिना किसी कार्रवाई शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रोकते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पालिका ईओ विजेंद्र सिंह पाल के मुताबिक वृद्ध भजनलाल काफी समय से बीमार थे। रविवार रात 10 बजकर 50 मिनट पर वह रैन बसेरे में पहुंचे थे। सुबह वह मृत अवस्था में मिले। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें