Amroha News: गन्ने के खेत में अजगर ने नीलगाय के बच्चे को आधा निगल लिया
Amroha News: आदमपुर क्षेत्र के गांव जीवपुर में गन्ने के खेत में 12 फीट लंबे अजगर ने नीलगाय के बच्चे को आधा निगल लिया। किसानों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन वह मर गया। वन विभाग ने अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर वन में छोड़ दिया। ग्राम प्रधान ने नीलगाय के बच्चे का शव दफना दिया।

Amroha News: आदमपुर क्षेत्र के गांव जीवपुर के जंगल में रविवार सुबह गन्ने के खेत में करीब 12 फीट लंबे अजगर ने नीलगाय के बच्चे को आधा निगल लिया। खेत में काम कर रहे किसानों की नजर अजगर पर पड़ी तो उन्होंने नीलगाय के बच्चे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक दम घुटने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर वन क्षेत्र में छोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक, जीवपुर के ग्राम प्रधान ज्ञानेंद्र सिंह रविवार सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे। आहट सुनकर वह गन्ने के खेत में पहुंचे तो करीब 12 फीट लंबा अजगर नीलगाय के बच्चे को निगल रहा था।
उन्होंने तत्काल ग्रामीणों और वन विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। नीलगाय के बच्चे को अजगर के चंगुल से छुड़ाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया और वन क्षेत्र में छोड़ दिया। वहीं, नीलगाय के बच्चे की मौत के बाद ग्राम प्रधान ने गड्ढा खोदकर उसके शव को दफना दिया। हफ्तेभर के भीतर क्षेत्र में अजगर दिखाई देने का यह दूसरा मामला है। रेंजर नरेश कुमार ने बताया कि गंगा क्षेत्र में पहले भी कई अजगर देखे जा चुके हैं।


