हसनपुर। हिन्दुस्तान संवाद
कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर कला के जंगल में बुधवार को करीब 7 फीट लंबा अजगर निकला। धान झाड़ रहे लोगों में हड़कंप मच गया। जब तक वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची अजगर धान के खेत में छिप गया। काफी प्रयास के बाद भी टीम उसे नहीं तलाश सकी।
गांव निवासी इकबाल के खेत में धान कटाई के बाद झड़ाई का कार्य चल रहा था। परिवार के लोगों के संग मोहल्ले की कई महिलाएं भी कार्य में लगी हुई थी। इस दौरान धान के एक गट्ठर के नीचे बड़ा अजगर दिखाई दिया। यहां कार्य में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। गांव में खबर लगते ही तमाम लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। वन विभाग को खबर की गई। वन दरोगा पलटराम टीम के संग मौके पर पहुंच गए। बताया जा रहा है कि टीम के पहुुंचने से पूर्व अजगर लौकी के खेत से होता हुआ धान की खड़ी फसल में घुस गया। काफी तलाशने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। वन दरोगा पलटराम ने बताया कि ग्रामीणों को कहा गया है कि अजगर अगर फिर दिखाई दे तो तत्काल सूचना दें। उसे पकड़कर वन क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। गांव में घंटों तक कौतूहल रहा।