गोवंशीय पशुओं के अवशेष मिलने पर बजरंग दल ने जाम किया गजरौला मार्ग
Amroha News - हसनपुर, संवाददाता। क्षेत्र के दो अलग-अलग आम के बागों में गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े मिले हैं। खबर लगते ही मौके पर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने
क्षेत्र के दो अलग-अलग आम के बागों में गोवंशीय पशुओं के अवशेष पड़े मिले हैं। खबर लगते ही मौके पर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामे के बाद करीब डेढ़ घंटे तक गजरौला मार्ग जाम रखा। एएसपी ने फोन पर वार्ता के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया तो जाम खोला गया। रविवार दोपहर बाद नगर के सोहरका रोड किनारे आम के बाग में कई पशुओं के अवशेष पड़े हुए देखकर हड़कंप मच गया। इसी बीच खबर लगी कि रामपुर भूड़ मार्ग किनारे भी आम के बाग में कई पशुओं के अवशेष पड़े हुए हैं। स्थानीय ग्रामीणों के संग बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह ने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को समझाया तो उन्होंने साफ कहा कि पुलिस की लचर कार्य प्रणाली के चलते ही आए दिन गोकशी की घटना हो रही हैं। इसके बाद कार्यकर्ता गजरौला मार्ग पर ब्लॉक तरह के नजदीक जाम लगाकर बैठ गए। जाम की खबर लगते ही अफसरों में हड़कंप मच गया। सीओ दीप कुमार पंत मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। कार्यकर्ता एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। बाद में सीओ ने एएसपी से फोन पर पदाधिकारियों की वार्ता कराई। इसके बाद जाम खोला दिया गया। प्रांतीय गोरक्षा प्रमुख मेरठ प्रांत हेमंत सारस्वत ने बताया कि गोकशी पर लगाम नहीं लग पा रही है। कुछ दिन पूर्व आगापुर के जंगल में भी गोकशी हुई थी। चेतावनी दी कि घटनाओं पर अंकुश नहीं लगा तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर कुशल चौधरी, मोहित अग्रवाल, वीरेंद्र शर्मा व विक्रांत शर्मा आदि मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।