Amroha News: 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा, चार सुपर जोन में बांटा जिला
Amroha News: 30 जुलाई से 24 अगस्त तक चलने वाली सावन कांवड़ यात्रा के लिए जिला प्रशासन की तैयारियां पूरी हैं। सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य सेवाओं का खाका तैयार किया गया है। 900 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। कांवड़ यात्रा के दौरान 69 शिवालयों में जलाभिषेक होगा।

Amroha News: 30 जुलाई से 24 अगस्त तक चलने वाली सावन कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। लाखों शिवभक्तों के जिले से गुजरने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं का खाका तैयार कर लिया है। पूरी कांवड़ यात्रा पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी, जबकि 900 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा संभालेंगे। कांवड़ यात्रा की सुरक्षा और सुचारू संचालन के लिए पूरे जिले को 4 सुपर जोन, 12 सेक्टर और 71 सब-सेक्टर में बांटा गया है। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को इन क्षेत्रों में तैनात कर रूट डायवर्जन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। कांवड़ यात्रा के दौरान सुगम व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह विभाजन किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था की देखरेख उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) और पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रैंक के अधिकारियों द्वारा की जाती है। कांवड़ मार्गों को गड्ढा-मुक्त करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और प्रमुख शिव मंदिरों में चिकित्सा (एंबुलेंस) की व्यवस्था रहेगी。
एक प्रमुख स्थान: ब्रजघाट
बरेली, मुरादाबाद मंडल के अलावा बुलंदशहर समेत कई जनपदों के शिवभक्तों के लिए गढ़ मुक्तेश्वर का ब्रजघाट कांवड़ में जल लेने के लिए प्रमुख स्थान है। इन क्षेत्रों के कांवड़िए ब्रजघाट से गंगाजल लेकर प्रत्येक सोमवार को भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक करते हैं। हजारों शिव भक्त हरिद्वार, ऋषिकेश, गोमुख जैसे प्रसिद्ध स्थानों से भी गंगाजल लेकर लौटते हैं। ऐसे में सावन माह की कांवड़ यात्रा अमरोहा जनपद के लिए महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण रहती है। अमरोहा जनपद से गुजरने वाले कांवड़ियों के लिए कई प्रमुख मार्ग चिन्हित किए गए हैं। इनमें हाईवे का ब्रजघाट, गजरौला, चौधरपुर, डिडौली और जोया क्षेत्र सबसे अधिक व्यस्त रहते हैं। इसके अलावा अमरोहा-अतरासी मार्ग, अमरोहा-जोया मार्ग, अतरासी-हसनपुर मार्ग, अमरोहा-नौगावां सादात मार्ग, अमरोहा-बिजनौर मार्ग, गजरौला-धनौरा मार्ग तथा गजरौला-हसनपुर मार्ग से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त गुजरेंगे। इन सभी मार्गों पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष योजना तैयार की गई है।
स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां
स्वास्थ्य विभाग ने भी शुरू की तैयारी कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित हादसों और आपात स्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला अस्पताल की मैटरनिटी विंग में 15 बेड का मल्टीपर्पज वार्ड तैयार किया जा रहा है, जिसका उपयोग जरूरत पड़ने पर बाढ़ प्रभावित मरीजों के लिए भी किया जा सकेगा। इसके अलावा गजरौला, हसनपुर और मंडी धनौरा के सरकारी अस्पतालों में भी विशेष वार्ड बनाए जा रहे हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। एक-एक फिजिशियन, सर्जन, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ और नेत्र रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाने की तैयारी है।
जलाभिषेक की तैयारियां
जिले के लगभग 69 शिवालयों में होगा जलाभिषेक लेकिन कुछ प्रमुख मंदिरों में सबसे अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इनमें अमरोहा का वासुदेव तीर्थ मंदिर, बहलौलपुर का शिव मंदिर, गजस्थल का शिव मंदिर, हसनपुर का शिवाला मंदिर, फूलपुर गांव का शिव मंदिर, बिजनौरा गांव का शिव मंदिर, आदमपुर का शिव मंदिर, कोकापुर का शिव मंदिर, मंडी धनौरा का पत्थरकुटी मंदिर और गजरौला का चाकेश्वर मंदिर प्रमुख हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर विशेष नियंत्रण रहेगा।
समग्र तैयारियां
कांवड़ यात्रा की सभी तैयारियों को पूरा कराया जा रहा है। इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान बृजघाट पर जाम नहीं लगेगा। बृजघाट में एक साइड में यातायात को रोकने के लिए कैंची व्यवस्था बंद रहेगी। बृजघाट से अंडर पास बनाया गया है। जिसके जरिए यातायात व्यवस्था रहेगी। कांवड़ यात्रा के दौरान खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। इस संबंध में सभी ईओ को निर्देश दिए गए हैं कहीं पर भी खुले में मांस की बिक्री नहीं होनी चाहिए। कांवड़ यात्रा में पुलिस और प्रशासन के अफसरों की डयूटी लगा दी गई है। कांवड़ यात्रा के दौरान तेज आवाज में डीजे नहीं बजने चाहिए। कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे पर कोई भी अश्लील गाना नहीं बजना चाहिए।
- डा. नितिन गौड़, डीएम, अमरोहा
FAQs
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


