थाने में हेड मोहर्रिर ने फरियादी युवक को लात-घूंसों से पीटा, लाइन हाजिर

Feb 27, 2026 12:47 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, अमरोहा
share Share
Follow Us on

Amroha News - अमरोहा में पुलिसिंग की अमानवीय तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुए तीन वीडियो के बाद सामने आई हैं। इनमें एक पुलिसकर्मी युवक को बेरहमी से पीटता नजर आ रहा है। एसपी ने आरोपी पुलिसकर्मी को लाइन हाजिर कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाने में हेड मोहर्रिर ने फरियादी युवक को लात-घूंसों से पीटा, लाइन हाजिर

अमरोहा, संवाददाता। थानों में चल रही पुलिसिंग की एक अमानवीय तस्वीर गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुए तीन वीडियो के बाद बेनकाब हो गई। 14, 20 और 36 सेकेंड के इन तीन वीडियो को नौगावां सादात थाने से जुड़ा बताया जा रहा है, जिनमें हेड मोहर्रिर एक युवक को जमीन पर लिटाकर लात-घूंसों और ठोकरों से बेरहमी से पीटता नजर आ रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। फिलहाल महकमे में मचे हड़कंप के बीच एसपी ने विवादों में घिरे हेड मोहर्रिर को लाइन हाजिर कर पूरे मामले में जांच बैठा दी है। गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक के बाद एक तीन वीडियो वायरल हुए।

14, 20 और 36 सेकेंड के ये वीडियो थाना नौगावां सादात के बताए जा रहे हैं, जो लगभग पांच से छह महीने पुराने हैं। वायरल वीडियो में दो पुलिसकर्मी एक युवक को हिरासत में लाकर कार्यालय में बैठाते हैं उसी दौरान पीछे से आया एक पुलिसकर्मी एकाएक ही युवक पर टूट पड़ता है। वो आव देखता है न ताव, पहले युवक पर तमाचे जड़ता है और फिर लाते-घूंसे मारकर धकेलते हुए कमरे के अंदर घुसा देता है। इसके बाद दो अन्य वीडियो में भी वह कार्यालय में अपनी कुर्सी के पास जमीन पर बैठे युवक को बार-बार कुर्सी से उठते हुए ठोकरें मारता रहता है। फिलहाल इन वीडियो ने खाकी ''वर्दी '' को जिले में कटघरे में खड़ा कर दिया है। पूरे मामले की जानकारी पर एसपी अमित कुमार आनंद ने अब जांच बैठा दी है। वहीं बताया जा रहा है कि पीड़ित क्षेत्र के ही गांव आलमपुर कैंच का निवासी है, जो फरियाद लेकर थाने में आया था। जिसे हेड मोहर्रिर के इशारे पर किसी बहाने से होमगार्डों के जरिए कार्यालय में बुलाया गया था। हालांकि इस बावत कोई शिकायत किसी भी स्तर पर पीड़ित युवक ने नहीं दर्ज कराई है। ऐसे में अब वायरल वीडियो के आधार पर ही पुलिस जांच व कार्रवाई करने की बात कह रही है। महिला दरोगा से बदसलूकी में भी घिर चुका है पुलिसकर्मी अमरोहा। बताया जा रहा है कि आरोपी पुलिसकर्मी पर इसके पहले भी अभद्रता से जुड़े गंभीर आरोप लगते रहे हैं। बीते दिनों उसने एक महिला दरोगा से मोबाइल पर बातचीत के दौरान अमर्यादित व्यवहार किया था। जिसकी ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। मामला चर्चाओं में आने पर पुलिस अफसरों ने जांच बैठा दी थी। बताया जाता है कि जांच में पुलिसकर्मी को दोषी भी पाया गया था। लेकिन जिम्मेदार पुलिस अफसर अब तक पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की हिम्मत नहीं जुटा पाए। विधायक ने भी उठाया है जिले की पुलिसिंग पर सवाल अमरोहा। बीते रविवार की रात जिले के मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा के काफिले पर भी मंडी धनौरा थाना क्षेत्र की ही सीमा में पथराव किया गया था। आरोप है कि इसके बाद विधायक के स्तर से सूचना दिए जाने के बाद भी पुलिस मौके पर करीब 25-30 मिनट बाद पहुंची थी। इसको लेकर सोमवार को खुद विधायक ने प्रेस कांफ्रेंस कर जिला पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर शिकायत मुख्यमंत्री स्तर तक करने की बात कही। वहीं बीते दिनों रजबपुर पुलिस की भी इसी तरह की घिनौनी तस्वीर सामने आई थी, जब एक कैंटीन संचालक के साथ पुलिसकर्मियों ने मारपीट की थी। एसपी ने तब भी दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की कार्रवाई की थी। सदर विधायक महबूब अली ने भी इस मुद्दे पर नाराजगी जताई थी। फिलहाल गुरुवार को वायरल इन वीडियो के बाद एक बार फिर जिला पुलिस सवालों के घेरे में है। वीडियो देखने से पुराने लग रहे हैं। बावजूद इसके थाने में पिटाई से जुड़ा मामला बेहद गंभीर है। सीओ को मामले में जांच का निर्देश दिया है। हेड मोहर्रिर को लाइन हाजिर कर दिया गया है। विभागीय जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे निश्चित कार्रवाई की जाएगी। अमित कुमार आनंद, एसपी

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।