मुठभेड़: पेशकार हत्याकांड के मुख्य आरोपी 25 हजार के इनामी को गोली लगी
Amroha News - अमरोहा में पेशकार राशिद हुसैन की हत्या के मुख्य आरोपी कलीम को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। कलीम की गिरफ्तारी पर 25,000 रुपये का ईनाम घोषित किया गया था। मुठभेड़ में कलीम घायल हुआ और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह आरोपियों में प्रमुख था, जिसने राशिद की हत्या में भाग लिया था।

अमरोहा, संवाददाता। पेशकार राशिद हुसैन की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी कलीम को पुलिस ने मंगलवार रात हाईवे किनारे गांव नीलीखेड़ी में हुई मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी पर एसपी ने 25 हजार रुपये का ईनाम भी घोषित किया था। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में टांग में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे जोया सीएचसी में भर्ती कराया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से तमंचे के अलावा एक खोखा, दो जिंदा कारतूस व मोबाइल के अलावा बाइक मिली। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी व सीओ भी सीएचसी पहुंच गए थे।
जानकारी के मुताबिक शहर के मोहल्ला नल नई बस्ती निवासी राशिद हुसैन जिला जजी में पेशकार थे। रविवार दोपहर में वह पत्नी रुखसार, भतीजे सलमान व तीन बच्चों के साथ कार में सवार होकर रिश्तेदारी में मुरादाबाद जा रहे थे। जोया-बंबूगढ़ बाईपास पर गांव हुसैनपुर के पास वहीं के रहने वाले नफीस की बाइक की राशिद हुसैन की कार से मामूली टक्कर हो गई थी। इसके बाद गांव हुसैनपुर के युवकों ने पीछा कर राशिद हुसैन को संभल चौराहे से थोड़ा आगे गांव हरियाना के पास घेर लिया था। हमलावरों ने गिरेबान खींच कार से नीचे उतारने के बाद मारपीट शुरू कर दी थी। पिटाई के दौरान हार्ट अटैक से राशिद हुसैन की मौत हो गई थी। मामले में डिडौली पुलिस ने मृतक के भतीजे सलमान की तहरीर पर बाइक सवार नफीस के बेटे शान तथा परिवार के ही कलीम, कसीम व नसीम के अलावा तीन अज्ञात के विरूद्ध हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस ने आरोपी शान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मुख्य आरोपी कलीम की गिरफ्तारी पर एसपी अमित कुमार आनंद ने 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। इसके बाद से ही पुलिस शिद्दत से उसकी तलाश में जुटी थी। मंगलवार रात लगभग 11:15 बजे डिडौली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मुख्य आरोपी कलीम जिला छोड़ने की फिराक में है, बस में सवार होने के लिए वह क्षेत्र के गांव नीलीखेड़ी से गुजरते हुए हाईवे की तरफ आने वाला है। इस पर प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने पुलिस टीम को साथ लेकर नीलीखेड़ी के जंगल में चेकिंग शुरू कर दी। यहां बाइक पर आ रहे एक युवक को रोकने की कोशिश की तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली पुलिस टीम में शामिल दरोगा मोहम्मद तारिक की बुलेट प्रूफ जैकेट में लगी। हमले से खुद को बचाते हुए पुलिस की ओर से भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की गई। पुलिस ने भी युवक पर फायर किया तो गोली उसकी टांग पर लगी और थोड़ी दूर आगे जाकर वह बाइक से नीचे गिर गया। पास जाकर पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम कलीम निवासी गांव हुसैनपुर बताया। पुलिस ने तुरंत ही घायल कलीम को उपचार के लिए जोया सीएचसी में भर्ती कराया। मुठभेड़ में कलीम की गिरफ्तारी हुई है। वह 25 हजार रुपये का ईनामी व न्यायिक कर्मी राशिद हुसैन की हत्या से संबंधित मुकदमे में कलीम मुख्य आरोपी है। मुठभेड़ में टांग में गोली लगने से वह घायल हुआ है। उपचार दिलाने के बाद पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। अमित कुमार आनंद, एसपी
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


