Amroha News: गंदे पानी के बीच से होकर गुजरी शव यात्रा, रोष
Amroha News: गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव भावली में पिछले 10 वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। गांव के लोग अंतिम शव यात्रा और बारात चढ़त गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। खंड विकास अधिकारी ने कहा कि अब मामला उनके ध्यान में आया है।

Amroha News: गंगेश्वरी ब्लॉक क्षेत्र के गांव भावली में मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या का समाधान नहीं कराया जा सका है। आरोप है कि कई वर्ष से यह समस्या बनी है। शिकायत के बाद भी अफसर निदान नहीं कर रहे। बारात चढ़त से लेकर अंतिम शव यात्रा के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना मजबूरी बना है। शुक्रवार को एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें लोग कंधे पर अर्थी लेकर गंदे पानी से होकर गुजरते देखे जा रहे हैं। पड़ताल करने पर पता चला कि गांव निवासी बुजुर्ग की बीते 6 जुलाई को मौत हो गई थी। अगले दिन अंतिम शव यात्रा निकाली गई।
अंतिम यात्रा में शामिल लोग कंधे पर रखी अर्थी को लेकर गंदे पानी से होकर गुजरे। लोगों में इसे लेकर रोष देखा गया। ग्रामीण नीरज कुमार, प्रेम सिंह, जीतपाल सिंह व लोकेश कुमार के मुताबिक गांव में पिछले दस वर्षों से जलभराव की समस्या है। जल निकासी की कोई समुचित व्यवस्था न होने के कारण गांव की सड़क तालाब बन चुकी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक से कई बार गुहार लगाई गई, लेकिन हर बार सिर्फ खोखले आश्वासन ही मिले।ग्रामीणों का कहना है कि अर्थी निकालने के संग बारात चढ़त भी गंदे पानी में हो रही हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो लोग व्यवस्था को कोसने लगे। खंड विकास अधिकारी विजय कुमार सक्सेना ने बताया कि जलभराव के संबंध में उनके सामने कोई शिकायत नहीं आई है। अब मामला जानकारी में आया है तो समाधान कराया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


