Amroha News: मौत के बाद भी 236 महिलाओं के खातों में जाती रही विधवा पेंशन
Amroha News: अमरोहा जिले में निराश्रित महिला पेंशन योजना के अंतर्गत 236 महिलाओं की मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनके बैंक खातों में पेंशन की राशि भेजी जा रही थी। पुष्टि के बाद अधिकारियों ने लगभग दस लाख रुपये की रिकवरी की कार्रवाई शुरू की है और उनकी पेंशन भी निरस्त कर दी गई है।

Amroha News: जिले में निराश्रित महिला पेंशन पा रही 236 महिलाओं की मृत्यु हो गई लेकिन उनके बैंक खातों में पेंशन की राशि बराबर पहुंचती रही। लाभार्थियों का विभाग द्वारा अप्रैल व मई माह में सत्यापन कराया गया तो मामला पकड़ में आया। किसी के खाते में तीन तो किसी के खाते में छह माह की पेंशन पहुंची। मामला उजागर होते ही अधिकारियों ने एक ओर जहां करीब दस लाख रुपये धनराशि की रिकवरी की कार्रवाई शुरू कर दी है तो वहीं उनकी पेंशन भी निरस्त कर दी है। संबंधित महिलाओं की सूची ब्लाक स्तर पर बीडीओ व निकाय स्तर पर ईओ को भेजी गई है। उनके स्तर से ही धनराशि की रिकवरी की जाएगी। गौरतलब है कि सरकार द्वारा निराश्रित महिला (विधवा) पेंशन योजना चलाई जा रही है। जिसके तहत निराश्रित महिला को पेंशन के रूप में प्रत्येक माह एक हजार रुपये दिए जाते हैं। यह धनराशि हर तीन माह बाद लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है। जिले में 40760 महिलाएं पेंशन का लाभ ले रही हैं। हर साल अप्रैल व मई माह में पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन विभाग द्वारा कराया जाता है। इस बार के सत्यापन में 236 महिलाएं ऐसी मिली हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है और उनके बैंक खातों में पेंशन की राशि भेजी जा रही थी। निराश्रित महिला पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे लखनऊ निदेशालय से भेजी जाती है। स्थानीय स्तर पर धनराशि भेजने का कोई काम नहीं होता है। यदि कोई महिला मृत हो जाती है तो परिजन विभाग में सूचना देते हैं। बैंक को भी बताते हैं। दूसरी शादी करने पर भी परिजन या लाभार्थी को विभाग या बैंक में सूचना देनी होती है, लेकिन लोग ऐसा नहीं करते हैं। सालभर में विभाग अप्रैल व मई माह में लाभार्थियों की जांच करवाता है। इसमें मृतक या शादी का पता होने के बाद पेंशन विभाग निरस्त कर देता है।
48 महिलाओं ने कर ली दूसरी शादी
अमरोहा। जिले में 48 महिलाएं जांच के दौरान ऐसी भी मिलीं, जिनके द्वारा दूसरी शादी कर ली गई। अपने पति के साथ ससुराल में रह रही हैं लेकिन, उनके बैंक खातों में धनराशि जा रही थी। उनके द्वारा दूसरी शादी करने की कोई सूचना नहीं दी गई। इस पर उनसे भी धनराशि की रिकवरी की जाएगी। फिलहाल, विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी पेंशन भी निरस्त कर दी है।
पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन
पेंशन लाभार्थियों का विभाग प्रत्येक वर्ष सत्यापन कराता है। इसमें जो महिलाएं मृत हो जाती हैं या दूसरी शादी कर लेती हैं, उनकी पेंशन निरस्त कर दी जाती है। यदि मृत होने के बाद भी खातों में पेंशन गई है तो उसकी विभाग रिकवरी कर लेता है। क्योंकि, खाताधारक ही बैंक से रुपये निकाल सकता है। जब वह मृत हो जाता है तो पेंशन की धनराशि खातों में ही पड़ी रहती है। पता चलने पर विभाग धनराशि की रिकवरी कर लेता है। अगर कोई धनराशि जमा नहीं करेगा तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई जाएगी।
राकेश कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


