रूबी हत्याकांड : विवाहिता की हत्या में राशन डीलर व हत्यारोपी बेटे समेत चार पर मुकदमा
Amroha News - अमरोहा के गांव पचोकरा में विवाहिता रूबी की हत्या प्रेम संबंध के चलते हुई। पुलिस ने राशन डीलर बृजलाल और उसके बेटे धीरज को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है, और पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं। मृतका का अंतिम संस्कार पोस्टमार्टम के बाद किया जाएगा।

अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव पचोकरा में बुधवार दोपहर हुई विवाहिता रूबी की हत्या प्रेम संबंध में की गई थी। पुलिस ने मामले में राशन डीलर बृजलाल समेत मौके से गिरफ्तार उसके हत्यारोपी बेटे धीरज के अलावा पत्नी व एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद देर रात घर पहुंचे मृतका के शव का अंतिम संस्कार किए जाने की तैयारी चल रही है। दो जातियों में तनावपूर्ण माहौल देखते हुए गांव में पुलिस बल व पीएसी तैनात है। हत्यारोपी धीरज का घर भी छावनी बना है। फरार अन्य हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी को लेकर दोबारा बवाल होने की आशंका में पुलिस अफसर भी दिन निकलते ही गांव पहुंच गए हैं।
जानकारी के मुताबिक अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के गांव पचोकरा मेहरबान अली में बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे नरेंद्र सिंह की पत्नी रूबी की सरेराह चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को अंजाम पड़ोस में रहने वाले राशन डीलर बृजलाल के बेटे धीरज ने दिया था। रूबी गांव में मढ़े की दावत खाकर लौट रही थी, घर के पास खड़े मिले धीरज ने कहासुनी के बीच चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। इसके बाद हत्यारोपी धीरज ने अपने घर में जाकर खुद को कमरे में बंद कर लिया था। गुस्साई भीड़ ने गांव में छह घंटे तक बवाल किया था। हत्यारोपी के घर में घुसकर तोडफोड़ कर दी थी, समझाने पहुंचे जनप्रतिनिधियों और सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के लोगों की भी बात नहीं मानी थी। शाम में करीब छह बजे पुलिस ने बमुश्किल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। वहीं इससे पहले पुलिस ने तनावपूर्ण माहौल देखते हुए घर में बंद हत्यारोपी धीरज को नाटकीय ढंग से वर्दी पहनाकर गांव से बाहर निकाला था। प्रभारी निरीक्षक शौकेंद्र बलियान ने बताया कि मामले में मृतका के पति नरेंद्र सिंह की तहरीर पर राशन डीलर बृजलाल के अलावा उसके हत्यारोपी बेटे धीरज व पत्नी के अलावा एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।मामले की गहनता से जांच की जा रही है। तनाव देखते हुए गांव में पुलिस बल व पीएसी तैनात है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



