मुंह दबाकर ली जावित्री की जान, विरोध के चलते सिर पर भारी वस्तु से वार कर किया बेहोश

हिन्दुस्तान, अमरोहा
Follow us on Google News
share

जावित्री की हत्या मुंह दबाकर की गई। पुलिस का मानना है कि जावित्री को उसके गोद लिए बेटे के साथ सोते समय उठाकर कमरे में ले जाया गया। मासूम बेटे ने मां को जगाने की कोशिश की, लेकिन जावित्री की हत्या हो चुकी थी। हत्यारोपियों ने लूट का भ्रम पैदा करने के लिए घर का सामान बिखेरा।

मुंह दबाकर ली जावित्री की जान, विरोध के चलते सिर पर भारी वस्तु से वार कर किया बेहोश

रहरा, संवाददाता। जावित्री की हत्या मुंह दबाकर की गई। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान भी मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस मान रही है कि गोद लिए बेटे के साथ सो रही जावित्री को दीवार के सहारे छत पर पहुंचे हत्यारे उठाकर कमरे में ले गए। यहां उसके हाथ पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। दुपट्टे या किसी तकिया जैसे महीन कपड़े से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। माना जा रहा है कि जावित्री ने मौत के अंतिम समय तक संघर्ष किया। वह हत्यारों के काबू में नहीं आई तो उसके सिर पर वजनीली वस्तु का वार किया गया। इस दौरान उसके मुंह समेत शरीर पर कई जगह चोट भी लगीं। पुलिस का अनुमान है कि जावित्री शोर मचाकर कहीं आस-पड़ोस के लोगों को जगा न दे, इसलिए उसके मुंह में कपड़ा ठूंसा गया। उसके द्वारा किए जा रहे विरोध के देखते ही उसके हाथ पैर बांधे गए।

सुबह जगाने पर भी नहीं उठी मां तो गुमसुम बैठ गया मासूम

रहरा। जावित्री के पास सो रहा उसका तीन वर्षीय दत्तक पुत्र प्रशांत सोमवार सुबह सोकर उठा तो उसने मां को चारपाई पर नहीं देखा। बताया जा रहा है कि मासूम कमरे में गया तो यहां मां पड़ी हुई थी। काफी हिलाने-डुलाने के बाद भी मां नहीं उठी तो बालक गुमसुम होकर बैठ गया। इसी बीच पहुंचे दूधिया ने शोर मचाने के बाद भी दरवाजा न खुलने पर आसपास के लोगों को बुला लिया। घर के बाहर मौजूद लोगों की आहट सुनकर बालक छत से नीचे उतर आया और दरवाजे पर आकर खड़ा हो गया। यहां मौजूद लोगों ने उससे दरवाजा खोलने के लिए कहा तो बालक रोने लगा। इसके बाद कई लोग दीवार के सहारे छत पर चढ़े और दरवाजा खोला। छत पर बने कमरे में शव पड़ा देखकर दहशत फैल गई।

लूट के दौरान मर्डर दिखाने की मंशा के चलते बिखेरा घर का सामान

रहरा। बताया जा रहा है कि हत्यारोपियों ने जावित्री के घर रखे सामानों को उलट-पुलट कर दिया। छत पर बने कमरे में रखी मासूम की गुल्लक भी तोड़ दी। घर के नीचे के कमरों के ताले भी तोड़ दिए। ऐसा करने के पीछे हत्यारों की मंशा यह दिखाना थी कि बदमाशों द्वारा लूट के दौरान जावित्री की हत्या की गई है। हालांकि, जब पुलिस ने मौका मुआयना किया तो प्रथम दृष्टा ही समझ में आ गया कि मामला लूट का नहीं है।

गांव में आग की तरह फैली मर्डर की खबर, जुटे ग्रामीण

रहरा। जावित्री की हत्या की खबर थोड़ी देर में ही गांव में आग की तरह फैल गई। उसके घर के बाहर तमाम लोग जुट गए। हर किसी की जुबान पर यही सवाल था कि जावित्री की हत्या किसने व क्यों की। बताया जा रहा है कि जावित्री के तीन भाई थे जिनमें टेकचंद समेत दो की मौत हो चुकी है। तीसरा भई ब्रह्मराज हरियाणा-पंजाब में मेहनत मजदूरी करता है। घटना के वक्त वह भी मौजूद नहीं था।

कई बिन्दुओं पर जांच-पड़ताल जारी

रहरा। जावित्री मर्डर में भले ही नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है लेकिन, पुलिस अन्य बिन्दुओं पर भी जांच-पड़ताल कर रही है। हालांकि, पुलिस की पहली कोशिश आरोपी भतीजे को गिरफ्तार करना है। पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से ही मामले से पूरी तरह पर्दा उठ सकेगा। थानाध्यक्ष अखिलेश प्रधान ने बताया कि कई अन्य बिन्दुओं पर भी जांच-पड़ताल की जा रही है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

जावित्री की हत्या कैसे हुई?
जावित्री की हत्या मुंह दबाकर की गई। उसके हाथ पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।